कुरुक्षेत्र। मां कात्यायनी मंदिर में पराशक्ति साधक वेद पाठशाला चैरिटेबल ट्रस्ट ने सेवा का नया आयाम रचा है। संस्था की तरफ से मंदिर में नि:शुल्क डिस्पेंसरी चलाई जा रही है। मंगलवार को डिस्पेंसरी में अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से नि:शुल्क जांच शिविर लगाया गया।
शिविर में 50 से ज्यादा श्रद्धालुओं, तीर्थ यात्रियों और जरूरतमंदों की आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. संजय शर्मा के मार्गदर्शन में जांच की गई और औषधियां व स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया। ट्रस्ट के संरक्षक पं. बलराम गौतम ने कहा कि सेवा ही सच्चा धर्म है। जब यह सेवा मां के चरणों में अर्पित होती है, तो वह साधना बन जाती है। यह प्रयास समाज में सहयोग, करुणा और सहानुभूति की ज्योति प्रज्वलित करता है। डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि औषधि केवल रोग का उपचार नहीं बल्कि आत्मा को शांति और जीवन को सहारा देने का माध्यम भी है। यह सहयोग मात्र चिकित्सा नहीं बल्कि मानवता की आरती है। शिविर में राजेंद्र शर्मा मोहाली, पंडित सोमनाथ गौतम आचार्य, पंडित गोपाल गौतम, पंडित अनिल गौतम, रूद्र गौतम, राहुल, शुभम ने स्वास्थ्य की जांच कराई।

कुरुक्षेत्र। शिविर में मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करते चिकित्सक संजय शर्मा। संवाद