लाडवा। इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज में कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पोंसिबिलिटी पहल क्लासरूम के अंतर्गत नांदी फाउंडेशन के सहयोग से सात दिवसीय कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महिला प्रकोष्ठ और कॅरिअर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए आधुनिक कार्यस्थल में आवश्यक महत्वपूर्ण कौशलों का विकास करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान जीवन कौशल, संचार कौशल, इंटरव्यू कौशल व प्रेजेंटेशन कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया। सात दिनों तक प्रशिक्षण विशेषज्ञ राजीव कुमार ने आत्मविश्वास, संचार क्षमता और पेशेवर व्यवहार को बेहतर बनाने के लिए इंटरेक्टिव गतिविधियां, समूह चर्चा, रोल प्ले और व्यावहारिक अभ्यास कराए।
प्राचार्य प्रो. कुशल पाल ने संचालक सदस्यों को प्रशिक्षण के सफलतम समापन की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य की कॅरिअर चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रबंधक समिति के प्रधान पवन गर्ग ने भी प्रशिक्षण के सफलतम आयोजन की शुभकामनाएं दीं। डॉ. नीति गोयल और डॉ. वंदना गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 35 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें कशिश, स्मृति और एकता को सत्रों के दौरान उत्कृष्ट सहभागिता और प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी के रूप में सम्मानित हुए।