कुरुक्षेत्र। नवनियुक्त उपायुक्त सुशील सारवान ने पदभार संभाल लिया है, जिस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला भर में चल रहे कार्यों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। इस धर्मनगरी में पर्यटकों की संख्या में इजाफा हो और देश-दुनिया से लोग कुरुक्षेत्र को देखने के लिए आएं, इस प्रकार की तमाम अपार संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की पर्यटन के क्षेत्र में चल रही योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया जाएगा।
इससे पहले एडीसी डाॅ. वैशाली शर्मा, एसडीएम सुरेंद्र पाल, एसडीएम नरेंद्र मलिक, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम नसीब कुमार, डीआईपीआरओ डाॅ. नरेंद्र सिंह ने नवनियुक्त उपायुक्त सुशील सारवान से मुलाकात की और स्वागत किया। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर अमलीजामा पहनाया जाएगा ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति को मिले। इतना ही नहीं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का फायदा आम नागरिक को मिल रहा है या नहीं इस पर भी पूरी तरह फोकस रखा जाएगा। इस जिले में सरकार की जितनी भी बड़ी परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है उनको निर्धारित समय अवधि में पूरा करवाने का काम किया जाएगा और मुख्यमंत्री की जितनी भी घोषणाएं हैं उन घोषणाओं को लेकर शीघ्र ही अधिकारियों की बैठक ली जाएगी और समीक्षा करने के उपरांत सभी घोषणाओं को जल्द से जल्द पूरा करवाया जाएगा।