कुरुक्षेत्र। झांसा रोड पर ढाबा चलाने वाले सिरसला रोड सिल्वर सिटी निवासी करीब 35 वर्षीय राहुल उर्फ भोलू की की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद भोलू के परिवार में शोक की लहर है। परिजनों ने बिजली निगम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वीरवार रात जिले में आए तेज तूफान और भारी बारिश के कारण राहुल के ढाबे की छत पर पानी जमा हो गया था। शुक्रवार सुबह वह रोजाना की तरह ढाबे पर पहुंचा और छत पर भरे पानी को निकालने के लिए ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान वह ढाबे के छज्जे के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि ढाबे के निकट से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन लंबे समय से खतरे का कारण बनी हुई थी। उन्होंने बताया कि लाइन को हटाने या स्थानांतरित करने के लिए कई बार बिजली निगम को शिकायतें दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते निगम ने उचित कदम उठाए होते तो राहुल की जान बचाई जा सकती थी। राहुल परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। राहुल ढाबे से ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में उनकी पत्नी, छह वर्षीय बेटा और चार वर्षीय बेटी हैं। परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।