कुरुक्षेत्र। छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) की ओर से बुधवार को सीटीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सीईटी पास हर अभ्यर्थी को नौकरी के लिए मान्य किए किए जाने की मांग की और मांग पूरी न होने पर कड़ा आंदोलन करने का अल्टीमेटम भी दिया। सीवाईएसएस के कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय अध्यक्ष और प्रदेश उपाध्यक्ष भारत बराड़ ने कहा कि लंबे समय से युवा सीईटी को क्वालिफाई मान्य करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने फैसला लिया था की पद के अनुसार चार गुना युवाओं को ही परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। ऐसे में कुछ युवाओं की ही पुनरावृति होगी और ज्यादातर युवाओं को नौकरी के लिए परीक्षा देने का अवसर नहीं मिलेगा। युवाओं की मांग है कि जिन विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है सभी युवाओं को परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलना चाहिए। उनका कहना है कि जिस आधार पर सीटेट और एचटेट की परीक्षाएं ली जाती हैं, उसी आधार पर सीईटी को भी लिया जाए।
तीन साल से केवल एक ही सीईटी का पेपर हुआ है जबकि प्रदेश सरकार का वादा था कि एक साल में दो बार सीईटी की परीक्षा ली जाएगी, लेकिन अब तक तीन साल में केवल एक बार ही परीक्षा हुई है। छात्र संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि युवाओं की आवाज को सुने नहीं तो युवा कड़ा विरोध करने पर मजबूर होंगे। इस मौके पर प्रदेश सचिव शुभम राणा, जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर पांचाल, जिला उपाध्यक्ष अनिकेत सिंह सहित अन्य संघ के सदस्य मौजूद रहे।