कुरुक्षेत्र। झांसा गांव के ठोल रोड पर बीती रात एक मारुति कार बेकाबू होकर नरवाना ब्रांच नहर में जा गिरी। गनीमत रही कि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। चालक कार का शीशा खोलकर नहर से बाहर आ गया। हालांकि हादसे के बाद उसकी कार नहर में आगे बह गई, जिसे सुबह करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन के जरिए बाहर निकाला गया। गोताखोर प्रगट सिंह की टीम ने नहर में कार की तलाश की।
हरप्रीत ने बताया कि उसका भाई गुरप्रीत सिंह फर्नीचर बनाने का काम करता है। बीती शाम उसका भाई किसी काम से घर के लिए निकला था। रात करीब नौ बजे उसके भाई ने उसे कॉल करके बताया कि उसकी कार नहर में गिर गई। वह तैरकर नहर से निकल आ गया, मगर कार पानी के साथ आगे बह गई। वह तुरंत मौके पर पहुंचा और अपने भाई को साथ घर ले गया। बताया कि यह हादसा कार के सामने वाहन आ जाने की वजह से हुआ। इस कारण उसके भाई की कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। हालांकि वह बहादुरी दिखाते हुए बिना किसी की मदद के तैरकर नहर से बाहर आ गया। उधर, गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि उनको नहर में कार गिरने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर नहर में सर्च अभियान चलाया। करीब पांच घंटे के बाद कार हादसे वाली जगह से करीब 100 मीटर आगे मिली। पांच घंटे के तलाशी अभियान के बाद कार को क्रेन के जरिए बाहर निकाला गया।