खुद को खेलमंत्री संदीप सिंह का नजदीकी बताकर डीसी रेट पर नौकरी लगवाने के नाम पर 40 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले के आरोपी मंदीप सैनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर 28 हजार रुपये, एक लैपटॉप व मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है।
पिहोवा थाना सदर के प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि 3 सितंबर को माया राम पुत्र पाला राम वासी सुरमी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि मंदीप सैनी वासी तंगोली ने खुद को एक अखबार में पत्रकार बताकर उसके बेटे संदीप कुमार व चचेरे भाई संजीव कुमार को खेलमंत्री संदीप का नजदीकी बताकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में डीसी रेट पर क्लर्क लगवाने का आश्वासन दिया था। इसके एवज में मंदीप ने उनसे 40 हजार रुपये की मांग की थी। सौदा तय होने के बाद मंदीप ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर तैयार कर 40 हजार रुपये ले लिए लेकिन आरोपी ने नौकरी नहीं लगवाई। जब उसने रुपये वापस मांगेे तो आरोपी उनको बार बार टरकाने लगा। इसके बाद मायाराम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मंदीप सैनी गांव मुर्तजापुर बस स्टैंड पर मौजूद है। पुलिस ने आरोपी को काबू करके गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 28 हजार रुपये, एक लेपटॉप व मोबाइल बरामद किया। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में दोबारा पेश करके अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है।