शाहाबाद। रोटरी क्लब एवं इन्नरव्हील क्लब शाहाबाद की ओर से आदेश मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सहयोग से महिलाओं के लिए नि:शुल्क कैंसर स्क्रीनिंग कैंप तथा सेमिनार का आयोजन सतलुज स्कूल में किया गया। इस कैंप का उद्देश्य महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं समय रहते जांच द्वारा बचाव को प्रोत्साहित करना रहा। कैंप में जागरूकता सत्र के उपरांत ईबी, पैप स्मीयर टेस्ट तथा सामान्य स्वास्थ्य जांच हेतु आवश्यक प्रयोगशाला परीक्षण किए गए।
114 महिलाओं ने पहुंचकर कैंप का लाभ उठाया। प्रोजेक्ट चेयरमैन रो. डॉ. गुणतास सिंह गिल, डायरेक्टर आदेश मेडीकल कॉलेज एवं अस्पताल ने बताया कि महिलाओं में कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन समय पर जांच से इसे रोका जा सकता है। ऐसे नि:शुल्क कैंप समाज के कमजोर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भविष्य में भी रोटरी क्लब द्वारा इस प्रकार के जनहितकारी प्रोजेक्ट आयोजित किए जाते रहेंगे। रोटरी प्रधान रो.डॉ.आरएस घुम्मन ने कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाना है। रोटरी क्लब भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और समाजसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। कैंप में डॉ.मोनिका जुत्शी, लैप्रोस्कोपिक सर्जरी विशेषज्ञ ने स्वास्थ्य वार्ता के दौरान महिलाओं को स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. जुत्शी ने कहा कि स्तन में गांठ, असामान्य रक्तस्राव, दर्द या किसी भी प्रकार का बदलाव दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। समय पर जांच और सही परामर्श से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। संवाद