{"_id":"58430ff74f1c1be665de8a58","slug":"road-jam-womens-case-file-arrest-police-villagers-karnal","type":"story","status":"publish","title_hn":"महिलाओं ने मुनक-करनाल मार्ग पर साढे़ पांच घंटे लगाया जाम ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महिलाओं ने मुनक-करनाल मार्ग पर साढे़ पांच घंटे लगाया जाम
ब्यूरो/करनाल,अमर उजाला
Updated Sun, 04 Dec 2016 12:03 AM IST
विज्ञापन
सड़क पर जाम लगाती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव स्टौंडी में एक महिला पर सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप में दर्ज हुए मामले को लेकर पुलिस ने शनिवार सुबह उसे घर से गिरफ्तार कर लिया। इसके विरोध में गांव के सैकड़ों लोगों ने मुनक-करनाल रोड जाम कर दिया। महिलाओं ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए गिरफ्तार महिला की रिहाई व मुकदमा खारिज करने की मांग की।
विज्ञापन
गांव स्टौंडी में करीब दो सप्ताह से महिलाएं बिजली बिल माफी व अन्य कुछ मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही थीं। इसको लेकर बिजली निगम के एसडीओ ने ग्रामीण महिलाओं द्वारा सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने की शिकायत दर्ज करवाई हुई थी। शनिवार की सुबह पुलिस प्रशासन ने गांव स्टौंडी में पहुंचकर महिला नीलम राणा को गिरफ्तार कर लिया। इसकी सूचना मिलते ही गांव की सैकड़ों महिलाओं ने लगभग साढ़े 10 बजे मुनक-करनाल मार्ग जाम कर दिया। महिलाओं ने पुलिस व बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि पुलिस ने बिना किसी को खबर दिए नीलम को उसके घर से उठा लिया। महिलाएं अपने हकों की आवाज उठा रही हैं और कभी भी कानून को अपने हाथ में नहीं लिया, लेकिन फिर भी पुलिस उन पर अनावश्यक दबाव बना रही है। महिलाओं ने चेताया कि जब तक नीलम राणा को वापस गांव नहीं लाया जाता और उस पर लगे सभी मुकदमे खारिज नहीं किए जाते, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
विज्ञापन
जाम की सूचना मिलते ही महिला थाना डीएसपी शकुंतला देवी और सदर थाना प्रभारी प्रतीक कुमार पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। लेकिन महिलाएं अपनी मांगों पर अडिग रही। बाद में गांव के मौजिज लोगों ने मामले का पटाक्षेप करने व महिला की रिहाई के लिए पुलिस अधिकारियों से बातचीत की, लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया। समाधान न निकलने के कारण 3 बजे के बाद महिलाओं का हौसला जवाब देने लगा और एक के बाद एक महिला अपने घरों की तरफ लौट गई। इससे जाम स्वत: ही खुल गया।
साढ़े 5 घंटे लगा रहा जाम
मुनक-करनाल रोड पर लगभग साढ़े पांच घंटे तक जाम लगा रहा। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम की स्थिति को देखकर कई वाहन चालकों ने तो अपने रास्ते ही बदल लिए। इसके साथ ही जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया। इससे लोगों को कुछ राहत तो मिली, लेकिन शाम साढ़े तीन बजे के बाद ही यातायात ठीक प्रकार से हो पाया।
वर्जन
बिजली निगम के एसडीओ ने स्टौंडी की कुछ महिलाओं की शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें आधा दर्जन से ज्यादा महिला व पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज है। मामले की जांच को लेकर स्टौंडी निवासी नीलम राणा को हिरासत में लिया गया है, लेकिन अपनी नाजायज मांगों को लेकर ग्रामीण महिलाओं ने मुनक-करनाल मार्ग जाम कर दिया था, जाम की स्थिति से निपटने के लिए वाहनों को दूसरे मार्गों से निकाला गया है और महिलाओं ने लगभग पौने चार बजे अपने आप ही जाम खोल दिया है।
- शकुंतला देवी, डीएसपी महिला थाना करनाल