मां-बेटे की गला रेतकर हत्या, गांव में सन्नाटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नीलोखेड़ी ब्लाक के गांव ऐबला निवासी विजय की पत्नी और करीब सात साल के बेटे के गर्दन कटे शव सोमवार दोपहर यूपी के सहारनपुर जिले में कार के भीतर पड़े मिलने से सनसनी फैल गई। विजय कार में बेहोशी की हालत में मिला। डॉग स्क्वायड के साथ पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की। विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि विजय ने ही अपनी पत्नी और बेटे की हत्या की है। पत्नी और बेटे के साथ घूमने के लिए हरिद्वार निकले विजय के परिवार के साथ इस हादसे की खबर से ऐबला में ग्रामीण सन्न रह गए। वारदात को लेकर गांव में कोई भी मुंह खोलने को तैयार नहीं है और न ही घटना पर विश्वास कर पा रहा है। गांव में सन्नाटा पसरा है। विजय के परिजन सूचना मिलने ही यूपी के लिए रवाना हो गए थे।
सहारनपुर ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव हरोड़ा को जाने वाले रास्ते पर सोमवार दोपहर 12 बजे ग्रामीणों ने एक कार खड़ी देखी। कुछ लोगों ने उसके पास जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। कार में ड्राइवर सीट पर एक युवक बेहोशी की हालत में बैठा हुआ था। उसके बराबर वाली सीट पर बच्चे की गर्दन कटी लाश और पिछली सीट पर महिला की गर्दन कटी लाश पड़ी थी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को देखते हुए डॉग स्क्वायड को भी बुला लिया गया। पुलिस ने बेहोशी की हालत में ड्राइवर सीट पर बैठे युवक को बाहर निकाला और उसे पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने बताया कि हरिद्वार से आते समय दो युवकों ने लिफ्ट ली ओर मेरी पत्नी एवं बच्चे को मार डाला।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम विजय पुत्र सुब्बा सिंह निवासी ग्राम ऐबला थाना बुटाना, करनाल बताया। उसने बताया कि वह पिपली पॉवर हाउस कुरुक्षेत्र हरियाणा में विद्युत निगम में लाइनमैन है। उसने मृतकों में उसकी पत्नी सीमा (28) और बच्चा जश्न उर्फ कृष्णा (7) बताया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वायड, फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। डॉग स्क्वायड भी 200 मीटर दूर ईख के खेत मेें जाकर रुक गया। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने बताया कि पहली नजर में प्रतीत हो रहा है कि बेहोशी की हालत में मिले युवक ने ही अपनी पत्नी और बेटे की हत्या की है। हालांकि, अभी पुलिस जांच कर रही है।
पति-पत्नी में झगड़े की बात नहीं आई सामने
ग्रामीण बताते हैं कि गांव में विजय और उसकी पत्नी के बीच झगड़े आदि को लेकर कभी ऐसी बात सामने नहीं आई। उन्होंने बताया कि हंसी खुशी वह अपने परिवार को घुमाने के लिए कार से गया था। पत्नी व बेटे की हत्या कैसे और किसने की को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। दोपहर को सहारनपुर से सूचना मिलते ही कई ग्रामीण वारदात स्थल पहुंचे और उनकी शिनाख्त की। गांव के सरपंच ब्रजलाल का कहना है कि यूपी से सूचना आई है कि वारदात हुई है और विजय बेसुध मिला है और उसकी पत्नी व बेटे की लाश कार में मिली है। वारदात को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। उधर, बुटाना थाना प्रभारी हरविंद्र सिंह ने भी किसी घटना को लेकर अनभिज्ञता जताई है। उधर सहारनपुर पुलिस भी इस सवाल का जवाब ढूंढने में लगी है कि घर से पत्नी बच्चे को घुमाने निकले विजय के साथ रास्ते में ऐसा क्या गुजरा कि वह कातिल बन बैठा।
नशे में हैवान बन बैठा विजय
सहारनपुर। कार में पत्नी और बेटे के शव के साथ बेसुध मिले विजय कुमार को लेकर पुलिस अब तक स्पष्ट तो नहीं है, मगर अफसरों का मानना है कि इस हृदय विदारक घटना को उसी ने अंजाम दिया है। पुलिस की जांच में यह बात सामने आ रही है कि विजय ने नशे की हालत में इस वारदात को अंजाम दिया है। इसका मतलब है कि नशे ने विजय को हैवान बना डाला।
उधर, विजय का कहना है कि उससे किसी व्यक्ति ने लिफ्ट ली और उसने कार में बैठा लिया। थोड़ा आगे आने के बाद उसने विजय को नशीला पदार्थ दे दिया और जब उसे होश आया तो उसकी पत्नी और बेटे की लाश उसके सामने थी। हालांकि पुलिस अब तक इस कहानी को पचा नहीं पाई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आई कहानी पर यकीन करें तो विजय ने मासूम बेटे कृष्णा और पत्नी सीमा का गला रेता। दोनों का कत्ल करने के बाद वह उन्हें कार में ही लेकर चल दिया। पुलिस के अनुसार जिस समय विजय को पकड़ा उस समय वह नशे में था। पुलिस ने जिला अस्पताल ले जाकर उसका उसका मेडिकल चेकअप कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी पल्स ठीक बताई। खरोंच के अलावा चोट के भी कहीं कोई निशान नहीं मिला। चिकित्सकों ने नशे की हालत पर भी संदेह जताया।
पुलिस को नहीं बताई गई कहानी पर भरोसा
पुलिस के अनुसार विजय ने बताया कि उसकी कार में कुछ व्यक्ति बैठ गए और उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर उसकी पत्नी एवं बेटे का कत्ल कर दिया। लेकिन पुलिस उसकी कहानी पर भरोसा नहीं कर रही है। न तो उसके शरीर पर कोई चोट हैं और न ही उसके साथ लूट जैसी कोई हालत नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या विजय ही पत्नी और बेटे का कातिल लग रहा है। हम इस मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही इसका खुलासा भी कर देंगे।