बारिश से सीएम सिटी ब्रेक डाउन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम सिटी एक बारिश भी नहीं झेल पाई। शुक्रवार शाम से शनिवार रात तक रुक-रुक कर हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण पूरे शहर की बिजली व्यवस्था ही ब्रेक डाउन हो गई। इस दौरान बिजली निगम की ओर से जारी की गई कंट्रोल रूम की सभी हेल्पलाइन नंबर भी पूरी तरह ठप रही।
सीएम सिटी में बूंदाबांदी का सिलसिला शुक्रवार शाम से ही शुरू हो गया था। जो देर रात बारिश में तब्दील हो गया। शहर के फीडरों पर ब्रेक डाउन का सिलसिला देर रात दो बजे से ही शुरू हो गया। सुबह होते-होते लगभग पूरे शहर में ब्रेकडाउन हो चुका था। सुबह से बंद कई फीडर शनिवार देर रात तक भी शुरू नहीं हो पाए थे। बिजली नहीं आने के कारण सुबह शहरों के घरों में पानी की सप्लाई भी नहीं हो पाई। वहीं दूसरी तरफ निगम के अधिकारी और कर्मचारी अपने मोबाइल नंबरों को बंद कर फील्ड से गायब दिखे। इस कारण लोगों को बिजली का हाल जानने के लिए पावर हाउस तक का चक्कर लगाना पड़ा।
गौरतलब है कि शहर के सभी 18 फीडर 132केवी से चलने वाले सेक्टर-9, हुडा, अशोका, अल्फा सिटी, आरकेपुरम, बलड़ी, कर्णलेक, माडल टाउन, उचाना गांव, सेक्टर-13, नरसी विलेज, सेक्टर-6, सेक्टर 12 समेत शहर के तमाम पाश इलाकों समेत अन्य कालोनियों में बिजली गुल रही।
गलत रिपोर्टिंग से नंबर बनाने में लगे रहे कर्मचारी व अधिकारी
शहर में ब्रेक डाउन का सिलसिला जब शुरू हुआ तो बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों का मोबाइल भी घनघनाने लगा। शुरुआत में निगम कर्मचारी और अधिकारी बिजली व्यवस्था को सही करने में तत्पर दिखे, लेकिन बाद में जैसे-जैसे फीडरों पर फाल्ट बढ़ते गए अधिकारियों व कर्मचारियों के मोबाइल नंबर भी नेटवर्क के बाहर होते गए।
अमर उजाला की टीम जब कर्मचारियों और अधिकारियों की इस लापरवाही को जानने के लिए पावर हाउसों का दौरा किया तो पता चला कि निगम की फाइलों में कई फीडरों पर बिजली सप्लाई चल रही थी, जबकि हकीकत में वे फीडर ब्रेक डाउन पड़े थे। निगम के कुछ कर्मचारियों ने नाम न छापने के शर्त पर बताया कि फील्ड में मौजूद कर्मचारी अपना नंबर बनाने के लिए अधिकारियों को गलत रिपोर्टिंग कर रहे हैं। इस कारण ही फीडरों की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है।
हवा और पानी से हुआ फाल्ट
पहली बारिश में इस तरह की दिक्कत आती है। इस बार ज्यादा दिक्कत का कारण बारिश के साथ चल रही तेज हवा है। इस कारण पेड़ बिजली के तारों से टच कर रहे हैं और लाइन में फाल्ट हो रहा है। व्यवस्था का सही करने के लिए सभी कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं।
- एमके मक्कड़, एक्सईएन करनाल सिटी डिवीजन