फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Karnal News ›   सांसद निधि से वितरित की गई करोड़ों रुपये की ग्रांट की होगी विजिलेंस जांच

सांसद निधि से वितरित की गई करोड़ों रुपये की ग्रांट की होगी विजिलेंस जांच

Wed, 11 Jul 2018 12:40 AM IST
Updated Wed, 11 Jul 2018 12:40 AM IST
विज्ञापन
सांसद निधि से वितरित की गई करोड़ों रुपये की ग्रांट की होगी विजिलेंस जांच
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

करनाल। करनाल के सांसद अश्विनी चोपड़ा ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और हर पैसे के सदुपयोग की जानकारी के लिए वह अपने 5 साल में दिए पूरे ग्रांट की अधिकारियों से पत्र देकर विजिलेंस जांच करवाएंगे, ताकि कोई व्यक्ति उन पर प्रश्न चिह्न न लगा सके। उन्होंने बिना किसी भेदभाव के अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए ग्रांट वितरित की है। सांसद मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी कमेटी की बैठक में जिले में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक के दौरान सांसद ने विकास कार्यों में लेटलेतीफी होने पर अधिकारियों की खिंचाई की, साथ ही चेताया कि वे हर हाल में समय पर कार्यों को पूरा करें।
सांसद ने अधिकारियों से कहा कि उनके द्वारा 5 साल में विकास के लिए जो भी फंड वितरित किया है उसका सदुपयोग हो और सारा ग्रांट चुनाव से पहले-पहले खर्च होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक वेस्ट का निस्तारण करने के लिए व्यापक प्रबंध किए जाएं। सांसद द्वारा करनाल जिले में 287 विकास कार्यों के लिए 10 करोड़, 67 लाख रुपये के लिए ग्रांट वितरित किया गया। इन विकास कार्यों में से 216 पूरे हो गए हैं, 50 पर विकास कार्य जारी है, 11 पर शीघ्र कार्य शुरू होगा व 10 विकास कार्यों पर स्वीकृति आनी बाकी है। सांसद ने कहा कि करनाल की जनता से उन्होंने चुनाव के समय में वादा किया था कि वे सिविल ऐविएशन का विस्तार किया जाएगा, ताकि इस क्षेत्र के लोगों को विदेशों में जाने के लिए चंडीगढ़ व दिल्ली न जाना पड़े। सांसद ने समीक्षा बैठक में अवैध कॉलोनियों में सुविधा, स्कूलों की स्थिति, पेंशन वितरण, करनाल स्मार्ट सिटी पर कार्यवाही की जानकारी, स्वास्थ्य मिशन संबंधी जानकारी, किसानों की फसल के रेट बढ़ाने, आंगनबाड़ी व गेस्ट टीचरों की मांगों के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली। इस बारे में उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया ने सांसद को सभी विस्तार से जानकारी दी।
विज्ञापन


कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में 600 करोड़ खर्च के बाद भी सुविधा की कमी क्यों?
सांसद ने बैठक में कहा कि बड़ी हैरानी की बात है कि राजकीय कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पर करीब 600 करोड़ रुपये खर्च होने पर भी लोगों को कोई विशेष सुविधा नहीं मिल रही है, सीटी स्कैन नहीं है, एमआरआई की सुविधा नहीं है, क्या कारण है? डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि अब कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में कुछ सुधार हुआ है, लोगों को सुविधाएं मिलनी शुरू हो गई हैं, पहले डाक्टरों व अन्य स्टाफ की कमी के कारण दिक्कत थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


सांसद ने उज्ज्वला योजना की स्थिति जाने धरातल पर क्या है डीएफएससी साहब?
सांसद ने बैठक में अधिकारियों से पूछा कि उज्ज्वला योजना का लोगों को ठीक से लाभ मिल रहा है, जानकारी देते हुए डीएफएससी ने बताया कि जिले में 36418 परिवारों को स्कीम के तहत नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए हैं, लोग इनका लाभ उठा रहे हैं। सांसद ने डीएफएससी को निर्देश दिए कि वे गांव में जाकर देखें कि क्या लोग गैस का प्रयोग कर रहे हैं या फिर लकड़ी वाले चूल्हे पर आ गए हैं।

मिड-डे मील की समय-समय पर जांच करें, डीसी को दिए निर्देश
सांसद ने उपायुक्त व अतिरिक्त उपायुक्त को निर्देश दिए कि स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मिड-डे मील की जांच के लिए औचक निरीक्षण करें, बच्चों को पौष्टिक आहार मिले इसका विशेष ध्यान रखें। डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि जब भी गांव में जाना होता है तो उनके द्वारा स्कूलों में जाकर मिड-डे मील चेक किया जाता है। इतना ही नहीं डीसी ने बताया कि पिछले दिनों इंद्री के एक गांव में उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त के साथ स्कूल में बने मिड-डे-मील को चखा, जोकि पौष्टिक था।

क्षेत्र के लोगों को टोल से मिले मुक्ति, प्रयास जारी : सांसद
सांसद ने बैठक में कहा कि उनके लोकसभा क्षेत्र में दो टोल हैं, लोगों की सुविधा के लिए उनकी कोशिश है कि उनके बोझ को कुछ कम किया जाए, इसके लिए वह केंद्रीय मंत्री से भी मिल चुके हैं, उन्होंने बसताड़ा टोल पर भी जाकर टोल प्रशासन से लोगों की समस्याओं की जानकारी ली थी जिसका कुछ हल हुआ है।

बिजली विभाग ने जिले में बेहतर बिजली देकर किया रिकार्ड कायम
बैठक में उत्तरी हरियाणा बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता ए.के. रहेजा ने समीक्षा करते हुए बताया कि जिले में 66 करोड़ रुपये की लागत से 32 केवी के 14 सब-स्टेशन नए बनाए गए हैं और 31 सब-स्टेशनों का विस्तारीकरण किया गया है और इसके अतिरिक्त 163 करोड़ रुपये की लागत से जिले में बिजली सुधारीकरण किया गया है। करनाल जिले के 382 गांवों में 141 फीडरों के माध्यम से बिजली वितरित की जा रही है, इनमें से 101 गांवों में 24 घंटे बिजली वितरण का शेडूयल है। लाइनलॉस भी लगातार घट रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को भारी गर्मी के कारण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिना किसी बाधा के 1.46 करोड़ यूनिट बिजली दी गई जो आज तक का सबसे बड़ा रिकार्ड है, इसी प्रकार सोमवार को ही शहर में 31 लाख यूनिट और कृषि क्षेत्र में 83 लाख यूनिट देकर नया रिकार्ड बनाया है।

अतिरिक्त उपायुक्त ने सांसद को दी योजनाओं की जानकारी
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने एजेंडे के अनुसार विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना के तहत गत वर्ष 1800 स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के लिए आसान किस्तों पर ऋण दिलवाया गया, जबकि टारगेट 1600 स्वयं सहायता समूहों को ऋण दिलवाना था, इस बार 1000 स्वयं सहायता समूहों को ऋण दिलवाना है। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत 15000 दिन का रोजगार दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सॉलिड वेस्ट प्रबंधन के लिए 71 सॉलिड वेस्ट प्लांट लगाए जाने की योजना है। वर्ष 2017 के 27 प्लांटों का काम पूरा कर लिया गया है और 4 पर काम चल रहा है। इसी प्रकार, आवास योजना के बारे में समीक्षा करते हुए बताया कि जिले में 1444 परिवारों को योजना के तहत मकान के लिए ग्रांट दिया गया, एक मकान के लिए तीन चरणों में पात्र को 1 लाख 38 हजार रुपये दिए जाते हैं।

बल्ला कलस्टर का होगा शहरीकरण, खर्च किए जाएंगे करीब 114 करोड़ रुपये : एडीसी
श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय रूबन मिशन योजना के तहत जिले में बल्ला कलस्टर का चयन किया गया है। इस योजना के तहत क्लस्टर के गांव सालवन, मानपुरा, गोली, फफराना व बल्ला को शहर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए 113 करोड़ 77 लाख रुपये की प्रस्तावित योजना मुख्यालय को बनाकर भेज दी है, शीघ्र ही इस पर काम शुरू होगा। अतिरिक्त उपायुक्त निशांत यादव ने बताया कि इस योजना के तहत इन गांवों में शहरी जैसी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।


मोहदीनपुर गांव का शहर की तर्ज पर हो रहा है विकास : चोपड़ा
सांसद ने कहा कि जब वे अपने गोद लिए गांव मोहदीनपुर में पहले दिन गए तो उनके कुर्ते पर मक्खियां-मक्खियां बैठ गईं, गांव में काफी गंदगी थी, तब उन्होंने गांव वालों से पूछा कि ऐसा क्यों? ग्रामीणों ने बताया कि यहां के लोग अभी भी बाहर शौच करते हैं तो उन्होंने ग्रामीणों को सफाई के प्रति जागरूक किया और अधिकारियों के सहयोग से मोहदीनपुर गांव शहर की तर्ज पर विकसित हो रहा है। मोहदीनपुर गांव सरकार के आंकड़े के अनुसार प्रदेश में चौथे नम्बर पर है। गांव में पढ़ने के लिए स्कूल, खेलने के लिए तालाब, घर-घर शौचालय, गांव की सभी सड़के पक्की बनाई गई और गांव में जरूरत के अनुसार शीघ्र ही स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने उपायुक्त को भी निर्देश दिए कि मोहदीनपुर गांव में शीघ्र ही गांव की सुविधा के लिए स्वास्थ्य केन्द्र बनवाया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed