शराब ठेकेदार पर कातिलाना हमला करने की वारदात में लिप्त आरोपी को कलायत पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को सोमवार अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि बलिंद्र निवासी मटौर की शिकायत पर थाना कलायत में दर्ज मामले के अनुसार उनके गांव मटौर स्थित शराब ठेके पर 12 अगस्त रात को वह और उसका साथी सेल्समैन सतीश निवासी नरड़ लेटे हुए थे। सतीश ने बलिंद्र को कहा कि उसे गोली के छर्रे लगे हैं। बलिंद्र ने ठेके का गेट खोला तो बाहर राहुल, विजय, अजय उर्फ मोटा तीनों निवासी मटौर और उनके अन्य साथी खड़े थे। यहां एक आरोपी ने गोली चलाई, जो बलिंद्र के घुटने पर लगी और आरोपी मौके से फरार हो गए। बलिंद्र को अस्पताल ले जाया गया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच करते हुए थाना कलायत पुलिस ने उक्त वारदात में लिप्त आरोपी विजय निवासी मटौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोमवार को अदालत में पेश कर दिया गया, जहां से आरोपी का वारदात में उपयोग वाहन की बरामदगी सहित अन्य पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।