कलायत। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने रविवार को कलायत में कलायत नगर पालिका की चेयरपर्सन शशिबाला कौशिक की बेटी के विवाह समारोह में शिरकत की। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कार्ययोजना को जमीनी स्तर पर उतारने की कार्रवाई शुरू हो गई है। राज्य में जल्द ही 1250 चिकित्सकों की भर्ती होगी। साथ ही नर्सिंग और अन्य रिक्त पदों को भरा जाएगा। निश्चित रूप से इससे जहां पूरी तरह से स्वास्थ्य सेवाओं का हरियाणा प्रदेश में कायाकल्प होगा, वहीं चिकित्सकों की भर्ती से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप सामुदायिक केंद्र में आयोजित विवाह समारोह में उन्होंने नगर पालिका चेयरपर्सन की बेटी को आशीर्वाद दिया। गृहमंत्री ने कहा कि लोग उन्हें भले ही गब्बर कहें लेकिन वे अनिल विज हैं। उनका प्रयास है कि पूरे प्रदेश को नशे के नेटवर्क से मुक्त कराया जाए। बाकी जनता जो नाम दे, वह मंजूर है। इसके लिए राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को सप्ताह में नशाखोरी रोकने की दिशा में किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं। यहां वरिष्ठ भाजपा नेता राजू कौशिक, नगर पार्षद रणबीर धानियां, नपा पार्षदों, हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन प्रांतीय कोषाध्यक्ष संजय सिंगला, ऋषिपाल कौशिक, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, ललीत शर्मा, विशाल शांडिल्य, वीरेंद्र पूंडीर, पूर्व चेयरपर्सन रजनी राणा, सरूपा राम, पाला राम प्रजापति, सुरेश वाल्मीकि, सतीश धीमान, विक्रम सिंह, नीरज राणा, बैशाखी राम जेष्ट, धर्मपाल धीमान, सुशील शर्मा, मंडी प्रधान विजेंद्र सहारण, रमेश कौशिक, शिव कुमार निर्मल व अन्य लोगों ने उनका अभिनंदन किया।