कैथल। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी एक घंटा, एक साथ स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।जाट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कैथल में एनसीसी कैडेट, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने इस राष्ट्रीय अभियान में भाग लिया। शुभारंभ स्वच्छता शपथ ग्रहण समारोह से हुआ। विद्यालय के एनसीसी एएनओ और अध्यापकों की उपस्थिति में एनसीसी कैडेट व सभी छात्र-छात्राओं ने परिसर में स्वच्छता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी एनसीसी कैडेट महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम पहुंचे। एनसीसी महानिदेशालय के निर्देशानुसार स्टेडियम परिसर को चिन्हित स्थान के रूप में चुना गया था। सुबह 8:00 से 9:00 बजे के बीच चलाए गए इस एक घंटा, एक साथ श्रमदान अभियान में कैडेट ने पूरे उत्साह के साथ स्टेडियम परिसर, खेल के मैदान, दर्शकों के बैठने के स्थानों और आसपास के क्षेत्रों से सूखा व गीला कचरा, प्लास्टिक की बोतलें और पॉलीथिन एकत्रित कर उनका उचित निस्तारण किया। अभियान के दौरान 70 एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और सेवा भावना की मिसाल पेश की। जाट हाई स्कूल सोसाइटी के प्रधान राजकुमार बेनीवाल ने कहा कि सफाई केवल एक कार्य नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों का हिस्सा है। इस अवसर पर उपप्रधान बलजिंदर बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि सिंह ढुल, कोषाध्यक्ष बलकार नैन, सत्यवान माजरा, दलवीर कैरो उपस्थित रहे।

जाट स्कूल में स्वच्छता की शपथ लेते विद्यार्थी। विज्ञप्ति