गांव बाबा लदाना के पास स्क्रैप व्यापारी से लाखों रुपये लूटने के मामले में दो आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। आरोपियों की पहचान अजय बडछप्पर व सुखबीर राजली हिसार के रूप में हुई है। तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस द्वारा पांचों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 7 लाख रुपये नकदी, दो मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त .32 बोर का अवैध पिस्तौल व 2 कारतूस बरामद कर लिए गए। छठे आरोपी की पहचान कर ली गई।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह की अगुवाई में एसआई कश्मीर सिंह, हेडकांस्टेबल तरसेम कुमार, एचसी मनीष कुमार, एचसी अजीत, एचसी देवेंद्र व कांस्टेबल संदीप कुमार की टीम द्वारा बैंक कालोनी भिवानी से करीब 22 वर्षीय आरोपी अजय व सुखबीर को गिरफ्तार कर लिया गया। खनौरी निवासी अनिल कुमार की शिकायत अनुसार 16 नवंबर को उसके गाड़ी ड्राइवर बिंटू उर्फ बंटी के साथ मिलकर आरोपियों ने उससे पिस्तौल के बल पर 10 लाख रुपये नकदी व 2 मोबाइल फोन लूट लिए थे। व्यापारी की गाड़ी के चालक बिंटू व उसके साथी आरोपी रोशन व सकीम किला जफरगढ़ जींद को गिरफ्तार करके 4 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। लूटपाट की वारदात में लिप्त छठे आरोपी की पहचान कपिल निवासी भेडवा रोहतक के रुप में कर ली गई। उसे आपरेशन नाइट डोमिनेशन के दौरान 21-22 नवंबर की रात लोहारु भिवानी पुलिस द्वारा व्यापारी लूटपाट मामले में प्रयुक्त की गई गाड़ी व अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया जा चुका है। पांचों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए।