दस दिन पहले पिल्लूखेड़ा निवासी वीरेंद्र की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों झज्जर जिले के रैया गांव निवासी रोहित उर्फ हन्नी और रोहतक निवासी साहिल उर्फ काला को रोहतक से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर भी लिया है, ताकि हत्या में संलिप्त अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस के अनुसार भुराणा गांव निवासी दशरथ और वीरेंद्र पिल्लूखेड़ा में रहते हैं। तीन-चार महीने पहले दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसके चलते कहासुनी रहने लगी। इसी रंजिश को लेकर वीरेंद्र की हत्या करने के लिए दशरथ ने अपने तीन साथियों से बातचीत की। जब 10 फरवरी को वीरेंद्र गांव करसोला के पास आ रहा था, तो आरोपियों ने उस पर गोली चलाई, लेकिन वह नहीं लगी। वीरेंद्र भागने लगा तो वह गिर गया। गिरते ही आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इलाज के दौरान पीजीआई रोहतक में उसकी मौत हो गई। बुधवार को दो आरोपियों को रोहतक से काबू कर अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।