सफीदों। गांव हाट स्थित 33 केवी बिजलीघर में एडवोकेट प्रवीण कुमार के साथ मारपीट के मामले में आरोपी बिजली निगम के ऑपरेटर की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों का धरना सोमवार को 15वें दिन भी जारी रहा। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नवीन मलिक की अध्यक्षता में चौथे दिन दस किसानों ने भूख हड़ताल की।
इनमें महेंद्र सिंह बूरा, ओमप्रकाश मलिक, गोरा मिस्त्री, पंडित जगदीश, पाले राम, सुखीराम, सतपाल, सतबीर, कृष्ण और हुकुम सिंह शामिल रहे। संघर्ष समिति के अध्यक्ष कामरेड राधेश्याम हाट ने मंच संचालन किया। धरने में महिलाएं, मजदूर यूनियन और किसान संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। भाकियू जिला अध्यक्ष नवीन मलिक ने बताया कि ग्रामीणों की चार प्रमुख मांगें हैं।
इनमें बिजली निगम के ऑपरेटर की गिरफ्तारी, बिजलीघर के पूरे स्टाफ का तबादला, गांव में खराब तारों को बदलना और योजना के तहत 24 घंटे बिजली आपूर्ति शामिल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाट को वर्ष 2022 में जगमग योजना से जोड़ा गया था, लेकिन वर्तमान में करीब 13 घंटे ही बिजली मिल रही है। इसमें भी अघोषित कट लगने से परेशानी बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार मिनी सचिवालय के घेराव के बाद बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन किसान अब भी भूख हड़ताल पर डटे हैं।