{"_id":"6b066f5ca9b2d05dca0c2289","slug":"rs-1-15-crore-fraud-at-kanya-gurukul-in-jind-case-registered-against-4-individuals-2026-11-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरियाणा: जींद में कन्या गुरुकुल से 1.15 करोड़ की धोखाधड़ी, आरोपियों ने 20 गुना चंदा दिलाने का दिया था झांसा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरियाणा: जींद में कन्या गुरुकुल से 1.15 करोड़ की धोखाधड़ी, आरोपियों ने 20 गुना चंदा दिलाने का दिया था झांसा
Wed, 25 Nov 2026 10:47 AM IST
Naveen
संवाद न्यूज एजेंसी, जींद (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, जींद (हरियाणा)
Published by: Naveen
Updated Wed, 25 Nov 2026 10:47 AM IST
सार
जींद में कन्या गुरुकुल को सिक्योरिटी राशि का 20 गुना चंदा दिलाने का झांसा देकर 1.15 करोड़ रुपये की ठगी की गई है। जुलाना थाना पुलिस ने गुरुकुल प्रबंधन से दो कंपनियों के खातों में रकम ट्रांसफर करवाने वाले चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
कन्या गुरुकुल
- फोटो : संवाद
विस्तार
जींद के शादीपुर स्थित कन्या गुरुकुल से चंदा दिलाने के नाम पर 1.15 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने गुरुकुल प्रबंधन को विश्वास दिलाया था कि कंपनी के खाते में सिक्योरिटी राशि जमा करवाने पर उसका 20 गुना चंदा मिलेगा और जमा की गई राशि भी वापस कर दी जाएगी। समय बीतने के बाद भी न तो चंदा मिला और न ही सिक्योरिटी राशि वापस हुई। जुलाना थाना पुलिस ने तीन नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मामले का विवरण
गुरुकुल शिक्षा समिति के प्रधान महेंद्र, जो जुलाना गांव के निवासी हैं और वर्तमान में रोहतक की झंग कॉलोनी में रहते हैं, ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, जून 2023 में सहसचिव मालवी निवासी रणबीर ने उन्हें मॉडल टाउन, करनाल निवासी देवेंद्र चौहान के बारे में बताया था। रणबीर ने कहा था कि देवेंद्र चौहान अपनी कंपनियों में पैसा लगवाकर संस्थाओं को चंदा दिलवाते हैं। कमेटी सदस्यों ने महेंद्र को इस संबंध में अधिकृत किया था।
विज्ञापन
जुलाई 2023 में, देवेंद्र चौहान अपने दो साथियों के साथ गुरुकुल आए और उन्होंने गुरुकुल की चारदीवारी व अन्य कार्यों के लिए बातचीत की। उन्होंने प्रबंधन को विश्वास दिलाया कि यदि वे कंपनी के खाते में सिक्योरिटी राशि जमा करते हैं, तो एक सप्ताह के भीतर उसका 20 गुना चंदा गुरुकुल को मिल जाएगा। कार्यकारिणी सदस्यों को भी इस बात पर विश्वास हो गया।
विज्ञापन
17-18 जुलाई 2023 को देवेंद्र चौहान ने फरीदाबाद निवासी राजीव शर्मा से दिल्ली के नेहरू पैलेस में मीटिंग करवाई, जिसने भी गुरुकुल प्रबंधन को विश्वास दिलाया। इसके बाद, गुरुकुल के खाते से 24 जुलाई को एक करोड़ रुपये और 25 जुलाई को 15 लाख रुपये विनित एंटरप्राइज और पूजा ट्रेडर्स के खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।
धोखाधड़ी का अहसास
संपर्क करने पर आरोपी पहले तो विश्वास दिलाते रहे, लेकिन बाद में उनके फोन स्विच ऑफ मिलने लगे। इससे गुरुकुल प्रबंधन को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। एसपी को दी गई शिकायत में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और गुरुकुल के 1 करोड़ 15 लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की गई है। जुलाना पुलिस ने देवेंद्र चौहान, राजीव शर्मा, मुकेश कुमार और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
