नरवाना। पंजाब नेशनल बैंक कृषक प्रशिक्षण केंद्र सच्चा खेड़ा में तीन दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें डॉ.कविता, डॉ.गीता, डॉ. रविकांत ने मधुमक्खी पालन के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कैसे मधुमक्खी पालन कर सकते हैं और इससे किस प्रकार अधिक मुनाफा कमा सकते हैं। मधुमक्खियां पौधों से अपना भोजन एकत्रित करती हैं तथा बदले में परागण करती हैं। मनुष्य को मधुमक्खियां न केवल शहद, मोम, राज अवलेह आदि देती हैं बल्कि पेड़ों, फसलों में अधिक पैदावार लेने में भी सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी पालन की तकनीक सरल है। यह भारी बोझ वाला कार्य नहीं है। पूंजी निवेश के साथ-साथ आवर्ती व्यय कम है। इस कार्य में प्रतिदिन देखभाल की आवश्यकता नहीं है। भूस्वामी एवं भूमिहीन किसान भी इस कार्य को आसानी से कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर रणदीप, प्रवीण कुमार मौजूद रहे।