डीएपी के बाद यूरिया के लिए सड़क जाम: किसान बोले-कल आधार कार्ड जमा करवाए, आज दुकान का ताला भी नहीं खुला
नरवाना में यूरिया नहीं मिलने पर किसानों ने रेलवे स्टेशन मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के जींद जिले के नरवाना कस्बे में इफको किसान सेवा केंद्र पर यूरिया खाद नहीं मिली तो नाराज किसानों ने रेलवे स्टेशन के पास रेलवे मार्ग पर जाम लगा दिया। बाजार में जाम लग जाने के बाद लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम लगने के लगभग आधे घंटे बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया।
लेकिन किसानों ने कहा कि जब तक संबंधित अधिकारी यहां आकर पक्का आश्वासन नहीं देते, जाम नहीं खोलेंगे। इसके बाद कृषि विभाग के अधिकारी डॉ. वीरेंद्र बूरा पहुंचे और किसानों का आश्वासन दिया कि सोमवार या मंगलवार तक सभी किसानों के लिए खाद पहुंच जाएगा।
यह भी पढ़ें ः महेंद्रगढ़: ट्राला चालक ने गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत, एक घायल
किसान संदीप, महाबीर, बलकार, किताब सिंह, रिसाल सिंह व वीरेंद्र ने कहा कि मंगलवार को यहां इफको किसान सेवा केंद्र के दुकानदार ने उन्हें आधार कार्ड यह कहकर जमा करवा लिए थे कि लगभग 1800 बैग यूरिया आया हुआ है। बुधवार सुबह खाद दे दिया जाएगा। लेकिन जब बुधवार को दुकान पर पहुंचे तो दुकान को ताला लगा हुआ था।
किसानों ने कहा कि उन्होंने साढे़ 11 बजे तक दुकान खुलने का इंतजार किया। लेकिन जब दुकानदार नहीं पहुंचा तो रोष स्वरूप किसानों ने जाम लगाकर स्थानीय प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारी के आश्वासन पर किसानों ने कहा कि अगर सोमवार-मंगलवार को यूरिया खाद नहीं मिली तो वह हाईवे जाम करेंगे और इसके लिए प्रशासन व अधिकारी जिम्मेदार होंगेे।
गेहूं की फसल की यूरिया खाद की जरूरत
किसानों ने कहा कि अब गेहूं की फसल को यूरिया की जरूरत है और अगर अब फसल को खाद नहीं मिली तो पैदावार भी कम होगी। किसानों ने कहा कि इससे पहले जब गेहूं की बीजाई करवाई जा रही थी तो उन्हें डीएपी समय पर नहीं मिला। इस कारण गेहूं की बिजाई देरी से हुई। अब गेहूं को यूरिया की जरूरत है, लेकिन नरवाना में यूरिया खाद भी नहीं है। लेकिन ब्लैक पर यूरिया खाद धड़ल्ले से मिल रहा है। इसके लिए प्रशासन के अधिकारी व सरकार जिम्मेदार है।