{"_id":"dd9f5a56a24407c348428cac37bbf5e9","slug":"panchyat-chunav-hindi-news-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"जींद के 66 और सफीदों 45 गांवों में हुआ चौधर का फैसला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जींद के 66 और सफीदों 45 गांवों में हुआ चौधर का फैसला
जींद/ अमर उजाला, ब्यूरो
Updated Mon, 11 Jan 2016 12:59 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
पंचायत चुनाव के पहले चरण में रविवार को जींद और सफीदों ब्लाक के लोगों ने मतदान किया। छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो चुनाव शांतिपूर्ण रहा। दोनों ब्लाक में 78.7 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें कुल दो लाख 15 हजार 654 मतदाताओं में से एक लाख 69 हजार 821 लोगों ने वोट किया।
सबसे ज्यादा मतदान सफीदों ब्लाक में हुआ। जहां पर 86.1 प्रतिशत वोट पड़े। सफीदों ब्लाक के 45 गांवों में 86 हजार 40 मतदाताओं में से 74 हजार 113 लोगों ने वोट किया। जबकि जींद ब्लाक में 73.8 प्रतिशत मतदान हुआ। जींद ब्लाक के 66 गांवों में एक लाख 29 हजार 614 मतदाताओं में से 95 हजार 708 लोगों ने वोट किया।
विज्ञापन
रविवार को साढ़े सात बजे मतदान शुरू होने के साथ ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया मतदाताओं की भीड़ भी बढ़ती गई।
विज्ञापन
दोपहर तक 50 प्रतिशत से ज्यादा लोग अपने मत का प्रयोग कर चुके थे, उसके बाद मतदान की रफ्तार कुछ धीमी हुई, लेकिन शाम को पोलिंग बंद होने के एक घंटे पहले फिर शाम करीब चार बजे कई गांवों के पोलिंग बूथों पर लंबी-लंबी लाइन लगी रही।
चुनाव के दौरान सभी पोलिंग बूथों पर खींचतान जारी रही और बूथों के अंदर वोटिंग को लेकर प्रत्याशियों के एजेंटों में कहासुनी होती रही। इस दौरान बरसोला के पोलिंग बूथ पर आपसी झगड़ा होने से लगभग 20 मिनट तक पोलिंग रुकी रही, बाद में पुलिस ने मामले को शांत कराकर पोलिंग शुरू कराई।
जबकि गांव मलार में गिनती के बाद दो गुटों में झगड़ा हो गया, पुलिस ने मामले को शांत कराया। जबकि निर्जन, खोखरी, हैबतपुर, सिंधवीखेड़ा, सिवाहा, ईटल खुर्द, ईक्कस में छिटपुट झगड़े हुए।
चुनाव आयोग की खामी आई सामने
गांव खोखरी के बूथ 194 पर चुनाव आयोग की खामी सामने आई। खोखरी के वार्ड एक से पंच पद के लिए पूनम व बिमला प्रत्याशी थी। इसमें चुनाव आयोग की तरफ से पूनम का चुनाव चिन्ह सीढ़ी दिया गया, जबकि उसके प्रतिद्वंद्वी बिमला का चुनाव चिन्ह फोड़े का निशान दिया गया।
लेकिन जब सुबह मतदाता मतदान करने के लिए बूथ नंबर 194 पर पहुंचे तो चुनावी बैलेट पेपर चुनाव चिन्ह को गलत छापा हुआ था। इसमें प्रत्याशी पूनम के नाम के आगे चुनाव चिन्ह फोड़ा दिखाया गया, जबकि उनका चुनाव चिन्ह सीढ़ी दिया हुआ था।
जबकि उसकी प्रतिद्वंद्वी बिमला का चुनाव चिन्ह फोड़ा था, लेकिन बैलेट पेपर पर उसके नाम के आगे सीढ़ी छापा हुआ था। इसके बाद दोनों ही प्रत्याशियों के समर्थकों ने इसका विरोध किया और इसकी सूचना चुनाव अधिकारियों को दी।
लोगों की हंगामे की सूचना पाकर डीएसपी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत किया। इसके बाद दोनों ही प्रत्याशियों के समर्थकों ने पंचायत की। इसमें दोनों ही प्रत्याशी पंचायत तौर पर जीत-हार का फैसला करने के लिए तैयार हो गए। जहां पर पंचायत के बीच में दोनों प्रत्याशियों के नाम की पर्ची डाली गई। इसमें पर्ची प्रत्याशी पूनम का नाम निकल गया।
जिसके बाद दूसरे प्रत्याशी की सहमति पर पूनम को विजेता घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों प्रत्याशियों की सहमति से पूनम के पक्ष में कुछ वोट डाले गए और उसके बाद वार्ड एक के पंच पद के लिए मतदान बंद कर दिया।
कैरखेड़ी की दो बहनें पंच निर्वाचित
गांव कैरखेड़ी दो सगी बहनें अलग-अलग वार्डों से पंच चुनी गई। इसमें वार्ड तीन से ऊषा देवी, जबकि उसकी बहन मुकेश को वार्ड चार से पंच चुना गया। वार्ड तीन से मुकेश ने सुनीता को पराजित किया। वार्ड नंबर चार से ऊषा ने अनीता को हराया। पंच निर्वाचित होने पर महिलाओं ने दोनों ही बहनों को आशीर्वाद दिया। जीत पर दोनों बहनों को उसकी सास ने आशीर्वाद दिया।
रामगढ़ में नहीं बना मतदान केंद्र, युवाओं ने जताया विरोध
भिवानी रोड स्थित रामगढ़ गांव में पोलिंग बूथ नहीं बनने पर यहां के युवाओं ने रोष जताया। युवाओं ने मतदान नहीं करने का ऐलान तक कर दिया। इसके बाद एसडीएम योगेश कुमार मौके पर पहुंचे और अगले चुनाव गांव को अलग पंचायत का दर्जा देने का आश्वासन दिया। इस पर लोग घिमाना गांव स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करने को राजी हुए। गौरतलब है कि रामगढ़ गांव की पंचायत नहीं बनती और यह घिमाना के साथ ही यहां का मतदान होता है। हर बार गांव में दो वार्डों के लिए अलग से मतदान केंद्र की व्यवस्था होती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। इस पर ग्रामीणों ने रोष जताया।
खरकरामजी के बूथ पर हुआ सबसे ज्यादा मतदान
जींद ब्लाक में सबसे ज्यादा मतदान खरकरामजी के बूथ नंबर 222 पर 92.24 प्रतिशत मतदान हुआ। इस बूथ के 425 मतों में से 392 मत पोल हुए। जबकि सबसे कम मतदान बीबीपुर के बूथ नंबर 133 पर 50.38 प्रतिशत मतदान हुआ। बूथ नंबर 133 के 665 मतों में से 335 मत ही पोल हुए। जबकि सबसे ज्यादा मतदान गांव सिवाहा गांव में हुआ। जहां पर सिवाहा के सात बूथों में से तीन पर 90 प्रतिशत से ज्यादा, जबकि चार पर 85 से 89 प्रतिशत मतदान हुआ है।