अनूपगढ़ गांव के नजदीक पंडता दा ढाबे से मंगलवार को एक ट्रक चालक का शव मिला, जबकि उसके भाई को बंधक बनाकर ढाबे में एक डिब्बे में डाला गया था। मरने वाले की पहचान जिला कपूरथला के धारीवाल निवासी शेरा (23) और बंधक बनाए गए की पहचान शेरा के चचेरे भाई बलबीर (42) के रूप में हुई है। हत्या की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान से शव को बरामद करने के साथ दूसरे भाई को मुक्त करवाया।
घायल बलबीर ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने चचेरे भाई शेरा के साथ गांव अनूपगढ़ निवासी बॉडी मेकर प्रवीण के पास ट्रक चलाता था। दोनों भाई सोमवार शाम को प्रवीण के पास वेतन मांगने के लिए आए हुए थे। इस दौरान प्रवीन, ढाबा संचालक राजबीर, मटौर निवासी रहमान तथा कुछ अन्य लोगों ने उसे व उसके भाई को लाठी-डंडों से मारा। इसमें उसके भाई शेरा की मौत हो गई तो आरोपियों ने उसे रस्सी से बांधकर एक डिब्बे में डालकर बंद कर दिया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि बलबीर की शिकायत पर बॉडी मेकर प्रवीण, ढाबा मालिक गांव अनूपगढ़ निवासी राजबीर, गांव मटौर निवासी रहमान तथा अन्य के खिलाफ हत्या करने व बंधक बनाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।