हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने पदोन्नत हुए प्राचार्य को स्कूल अलॉट करने की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। जिसकी अध्यक्षता जिला प्रधान साधु राम ने और संचालन जिला सचिव मामराज जांगड़ा ने किया।
साधु राम ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद 4 अगस्त 2021 को लगभग 702 पीजीटी लेक्चरर्स तथा 9 मुख्याध्यापकों को प्राचार्य के पद पर पदोन्नत किया गया था। बड़े खेद का विषय है कि उपरोक्त नव पदोन्नत प्राचार्य अपनी पदोन्नति के लगभग 40 दिन बाद भी संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अपनी हाजिरी दर्ज करवा रहे हैं। जबकि जिले में सैकड़ों स्कूल बिना मुखिया के चल रहे हैं। बार-बार शेड्यूल जारी करने के बाद भी विभाग न तो तबादले ही कर पा रहा है और न ही पदोन्नति की जा रही हैं। हजारों अध्यापकों के एसीपी केस पेंडिंग पड़े हुए हैं और उन पर गलत एतराज लगाए जा रहे हैं। जिला सचिव मामराज जांगड़ा ने कहा कि अध्यापक संघ धरने के माध्यम से मांग करता है कि पदोन्नत प्राचार्यों को शीघ्र विद्यालयों में नियुक्ति प्रदान की जाए। हाल ही में हरियाणा सरकार ने सेवा का अधिकार अधिनियम सभी कार्यालयों में लागू करने का निर्देश दिया है। इस अधिनियम को निदेशालय, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में शीघ्र लागू करने के निर्देश जारी करते हुए सिटीजन चार्टर लागू किया जाए। कई अध्यापकों का 2016-19 का एलटीसी का बजट अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। एलटीसी का बजट शीघ्र जारी किया जाए। इस अवसर पर भूप सिंह वर्मा, सत्येंद्र कुमार, महेंद्र गौतम, रोहतास आसन, शमशेर कौशिक, हैप्पी सिंह, सतेंद्र गौतम, रणधीर सिंह, मामराज जांगड़ा, अमरजीत, सतीश कुमार, परमात्मा प्रसाद, रोहतास सरोहा, कलीराम, हैप्पी सिंह, होशियार सिंह, रामनिवास, धर्मेंद्र, हरज्ञान, शमशेर बूरा व सविता देवी भी मौजूद रहे।