{"_id":"684a5da77506c9c5e80243e1","slug":"former-mla-from-jind-s-narwana-is-caught-in-a-scam-of-rs-72-crores-he-had-made-his-name-as-a-social-worker-2025-06-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूर्व MLA 72 करोड़ के घोटाले में फंसे: समाजसेवी बनकर बनाई थी पहचान; विवादों से रहा नाता, यौन शोषण के लगे आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पूर्व MLA 72 करोड़ के घोटाले में फंसे: समाजसेवी बनकर बनाई थी पहचान; विवादों से रहा नाता, यौन शोषण के लगे आरोप
Thu, 12 Jun 2025 10:25 AM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, जींद (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, जींद (हरियाणा)
Published by: नवीन दलाल
Updated Thu, 12 Jun 2025 10:25 AM IST
सार
रामनिवास सुरजाखेड़ा ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला का करीबी बनकर पार्टी में कुछ माह काम किया, लेकिन वर्ष 2019 के चुनाव के दौरान स्थिति भांप गया और टिकट नहीं मिलने के चलते कांग्रेस से दूरी बना ली।
विज्ञापन
पूर्व विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा
- फोटो : संवाद
विस्तार
72 करोड़ रुपये के घोटाले में गिरफ्तार नरवाना से पूर्व विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा का विवादों से नाता रहा है। विधायक रहते जहां सुरजाखेड़ा पर यौन शोषण के आरोप लगे, वहीं समाजसेवा के लिए खुले हाथ से लाखों रुपये लुटाकर सुरजाखेड़ा ने खूब सुर्खियां भी बंटोरी। पूर्व विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा ने महज तीन साल में ही हलके में अच्छी पहचान बना ली थी। विशेष रूप से साल 2016 में भाजपा सरकार में के समय सुरजाखेड़ा ने हलके के कई गांवाें में सामाजिक कार्य, गोशाला व गणेश उत्सव में लाखों रुपये चंदा देने की घोषणा की।
विज्ञापन
सुरजाखेड़ा हलके के हर गांव में लोगों से मिलता-जुलता। कहीं नलकूप के लिए 20 हजार नकद दे देता तो कहीं गरीब बेटी की शादी में सहयोग कर दिया। शहर के बड़े कार्यक्रमों में तो 10 से 51 लाख रुपये तक देने की घोषणा की और 5 से 7 लाख रुपये पहुंचाकर हर किसी के सामने सामाजिक व्यक्ति के रूप में अपनी पहचान बनाई थी।
विज्ञापन
टिकट नहीं मिला तो कांग्रेस से बनाई दूरी
रामनिवास सुरजाखेड़ा ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला का करीबी बनकर पार्टी में कुछ माह काम किया, लेकिन वर्ष 2019 के चुनाव के दौरान स्थिति भांप गया और टिकट नहीं मिलने के चलते कांग्रेस से दूरी बना ली। इस दौरान जननायक जनता पार्टी (जजपा) के संपर्क साधा और नरवाना से टिकट लेकर विधायक बन गया।
विज्ञापन
जजपा में रहते मनोहर लाल के पढ़े कसीदे
विधायक बनने के करीब एक साल तक सुरजाखेड़ा के जजपा के साथ संबंध ठीक रहे। बाद में उसने दुष्यंत चौटाला से दूरी बना ली और तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहरलाल के कसीदे पढ़ने लगे। जजपा के खिलाफ खुले मंच से बोलते रहे औरहलके के कार्य के लिए मुख्यमंत्री मनोहरलाल के गीत गाने लगे। बाद में उन्होंने जजपा से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल होने की तैयारियां चल ही रही थी कि जींद के महिला थाने में रामनिवास सुरजाखेड़ा व उनके कुछ करीबियों पर यौन शोषण का केस दर्ज हो गया। हालांकि बाद में यह मामला हनीट्रैप का निकला। इसके कारण वह भाजपा में शामिल नहीं हो सका।
सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं की फोटो
रामनिवास सुरजाखेड़ा के सोशल मीडिया अकाउंट पर आज भी केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल व विधानसभा स्पीकर हरविंंद्र कल्याण के साथ फोटो अपलोड हैं। विधानसभा स्पीकर के साथ तो एक फोटो 3 जून को ही डाली गई है।
हलके के कुछ राजनेताओं ने खोली थी पोल
चर्चा है कि सुरजाखेड़ा जब कांग्रेस और जजपा से टिकट लेने की दौड़ में था तब नरवाना के कुछ राजनीतिक लोगों ने कांग्रेस व जजपा के शीर्ष नेतृत्व को उनके घोटालों के बारे में अवगत करवाया था, लेकिन उस इस मुद्दे पर सुनवाई नहीं हुई थी।