फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Jind News ›   Five passenger trains that were closed since the Corona period will be operated again from Jind

रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: कोरोनाकाल से बंद पड़ीं पांच पैसेंजर गाड़ियां चलेंगी, सुगम होगा सफर

Mon, 29 Aug 2022 12:10 AM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, जींद (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, जींद (हरियाणा) Published by: भूपेंद्र सिंह Updated Mon, 29 Aug 2022 12:10 AM IST
सार

हरियाणा के जींद से कुरुक्षेत्र, पानीपत, कैथल और नई दिल्ली जाने वाली कोरोनाकाल से बंद पड़ीं पैसेंजर गाड़ियां अगले दो दिनों में ट्रैक पर दौड़ती नजर आएंगी। नई दिल्ली को जाने वाली पैसेंजर गाड़ी रविवार से शुरू हो गई है।

विज्ञापन

विस्तार

कोरोनाकाल से बंद पड़ीं गाड़ियों के चलने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। हरियाणा के जींद से कुरुक्षेत्र, पानीपत, कैथल और नई दिल्ली जाने वाली कोरोनाकाल से बंद पड़ीं पैसेंजर गाड़ियां अगले दो दिनों में ट्रैक पर दौड़ती नजर आएंगी। सुबह 6:55 बजे नई दिल्ली को जाने वाली पैसेंजर गाड़ी रविवार से शुरू हो गई है। वहीं जींद से कुरुक्षेत्र जाने वाली दो गाड़ियां सोमवार से सुचारु रूप से चलने लगेंगी और जींद से पानीपत रूट पर सुबह 10 बजे जाने वाली गाड़ी का भी आवागमन 30 अगस्त से शुरू हो जाएगा। 

विज्ञापन


इसके अलावा दिल्ली से कुरुक्षेत्र चलने वाली डीएमयू ट्रेन 30 अगस्त से दिल्ली की तरफ से आएगी और 31 अगस्त को सुबह कुरुक्षेत्र से दिल्ली के लिए रवाना होगी। इन गाड़ियों के आवागमन से जींद, उचाना, नरवाना, कलायत, कैथल के लोगों को काफी फायदा होगा, क्योंकि दो सालों से इन गाड़ियों के चलने का इंतजार था जो कि अब पूरा हो जाएगा। वहीं जींद से दोपहर को एक बजकर पांच मिनट पर कुरुक्षेत्र के लिए चलने वाली पैसेंजर गाड़ी पूर्ण रूप से बंद कर दी गई है। 
विज्ञापन


रेलवे ने कोरोनाकाल से जींद-कुरुक्षेत्र, जींद-पानीपत और जींद-दिल्ली रूट पर बंद पड़ीं पैसेंजर गाड़ियों को चलाने का फैसला लिया है। ये गाड़ियां 31 अगस्त तक सुचारु रूप से चलने लगेंगी। रविवार को जींद से नई दिल्ली के लिए पैसेंजर गाड़ी सुबह 6:55 बजे रवाना हो गई। सुबह 4:10 बजे कुरुक्षेत्र जाने वाली पैसेंजर गाड़ी 29 अगस्त को रवाना होगी। इसके अलावा 17:35 बजे कुरुक्षेत्र जाने वाली गाड़ी भी 29 अगस्त को जाएगी। इसके अलावा जींद से पानीपत जाने वाली पैसेंजर गाड़ी 30 अगस्त को सुबह 10 बजे रवाना होगी। इससे पहले इस रूट पर सुबह और शाम को पानीपत जाने वाली गाड़ियां शुरू हो चुकी हैं। अब इस रूट पर तीनों गाड़ियां आवागमन करेंगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


दिल्ली-कुरुक्षेत्र डीएमयू बनी एक्सप्रेस, किराया भी बढ़ा
सुबह के समय कुरुक्षेत्र से दिल्ली की तरफ जाने वाली गाड़ी अब नए नाम और नंबर से दौड़ेगी। रेलवे ने इस गाड़ी का नाम बदलकर एक्सप्रेस रख दिया है और इसका नंबर 74013-14 बदलकर 14023-24 रख दिया है। यह गाड़ी एक्सप्रेस बनकर दौड़ेगी और इसके किराये में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। यह गाड़ी इसके पुराने स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। शाम को यह गाड़ी 5:55 बजे दिल्ली से चलेगी और उसके बाद दिल्ली किशनगंज, शकूरबस्ती, बहादुरगढ़, सांपला, रोहतक, जुलाना, जींद, उचाना, नरवाना, कलायत, कैथल, पेहवा रोड होते हुए कुरुक्षेत्र जंक्शन पर 23:25 बजे पहुंचेगी। उसके बाद अगले दिन कुरुक्षेत्र से छह बजे चलेगी, जो कि सुबह 11 बजे दिल्ली पहुंचेगी। 

दोपहर कुरुक्षेत्र जाने वाली गाड़ी स्थायी रूप से बंद
दोपहर को जो कुरुक्षेत्र के लिए जींद से पैसेंजर गाड़ी रवाना होती थी, उसे रेलवे ने स्थायी रूप से बंद कर दिया है। जींद से नरवाना जाने वाली वह एकमात्र गाड़ी थी, जो दोपहर के समय यात्रियों के लिए फायदेमंद थी। यह गाड़ी जींद से एक बजकर पांच मिनट पर जींद से चलती थी। इस गाड़ी में बरसोला, उचाना, घासो और नरवाना के यात्रियों को काफी फायदा मिल रहा था, क्योंकि नरवाना क्षेत्र के लोग जो कि जींद किसी काम के लिए आते थे या फिर लघु सचिवालय में आते थे तो वे दोपहर तक अपना काम निपटाकर वापस घर के लिए आसानी से यह गाड़ी मिल जाती थी। 

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पढ़ रहे युवाओं को मिलेगी सुविधा
जींद से कुरुक्षेत्र के बीच चलने वाली गाड़ियों का सबसे ज्यादा फायदा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले युवक-युवतियों को होगा। जींद, उचाना, नरवाना, कलायत और कैथल के युवक-युवती जो कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं, वे अब इन गाड़ियों के माध्यम से प्रतिदिन विश्वविद्यालय में आ-जा सकेंगे। सुबह जींद से एक पैसेंजर गाड़ी जो कि 4:10 बजे चलती है, वह कुरुक्षेत्र सवा सात बजे के आसपास पहुंचा देगी। अब इन गाड़ियों के चलने से शाम के समय भी कुरुक्षेत्र की तरफ से गाड़ियों की संख्या बढ़ जाएगी। 


बंद पड़ीं गाड़ियों का दोबारा होगा संचालन 
कोरोनाकाल में बंद हुईं पैसेंजर गाड़ियों को रेलवे ने दोबारा चलाने का फैसला लिया है। एक पैसेंजर गाड़ी सुबह 6:55 बजे नई दिल्ली के लिए रविवार को रवाना हो गई है। 29 अगस्त से जींद-कुरुक्षेत्र के बीच दो गाड़ियां चल पड़ेंगी। इसके अलावा दिल्ली से कुरुक्षेत्र के बीच चलने वाली डीएमयू को एक्सप्रेस बनाया गया है। यह गाड़ी 30 अगस्त को दिल्ली की तरफ से आएगी और 31 अगस्त को कुरुक्षेत्र से चलेगी।  - जयप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक जींद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed