जींद। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज जिला की बैठक सोमवार को रोहतक रोड स्थित कार्यालय पर हुई। इसकी अध्यक्षता अध्यक्ष डा. राजकुमार गोयल ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अग्रसेन जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग की गई। बैठक में तय हुआ कि इस बारे में देश के प्रधानमंत्री को पत्र लिखा जाएगा। अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन पहले ऐसे महापुरूष हुए हैं जिन्होंने एक रुपया एक ईंट के संदेश के साथ पूरी दुनिया को समाजवाद का पाठ पढ़ाया। महाराजा अग्रसेन को समाजवाद का अग्रदूत कहा जाता है। उन्होंने अपनी शासन प्रणाली में एक नई व्यवस्था को जन्म दिया। वह एक ऐसे अहिंसा के पुजारी थे, जिनके राज्य में रहने वाली जनता के दिलों में समानता का भाव कूट कूट कर भरा जाता था और दान देने की प्रवृति का समावेश किया जाता था।
उन्होंने कहा कि ऐसे युग पुरुष की जयंती पर प्रदेश सरकार ने तो पिछले लंबे समय से सार्वजनिक अवकाश घोषित किया हुआ है लेकिन केंद्र सरकार ने अभी तक इस पर्व को राष्ट्रीय पर्व घोषित नहीं किया है। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज जिला द्वारा 26 सितंबर को अग्रसेन जयंती के दिन रुपया चौक पर माल्यार्पण एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सावर गर्ग, रामधन जैन, पवन बंसल, मनोज गुप्ता, मनीष गर्ग, पवन सिंगला, जयभगवान सिंगला, सोनू जैन, बजरंग सिंगला, सुभाष गर्ग, रजत सिंगला, गोपाल जिंदल, सुशील सिंगला मौजूद रहे।