जींद। जींद से बरसोला, उचाना, घसो वाया नरवाना होते हुए कुरुक्षेत्र की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को चलवाने की मांग तेज हो चली है। इसको लेकर दैनिक यात्रियों ने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने डिप्टी सीएम से एक मांगपत्र भी सौंपा।
यात्रियों ने कहा कि ट्रेन के नहीं चलने से ज्यादा परेशानी विद्यार्थियों को हो रही है। सुनील, बिजेंद्र, अनिल कुमार, सुभाष, नंदलाल शर्मा, दिनेश शर्मा, रमेश मौण, सूर्य श्योकंद, जसबीर, राजा राम व सुरेश गोयत ने कहा कि जींद से कुरुक्षेत्र जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को 22 मार्च 2020 को बंद कर दिया गया था। उसके बाद धीरे-धीरे जैसे ही कोरोना की स्थिति में सुधार आता गया तो रेलवे ने भी काफी ट्रेनों को बहाल कर दिया। लेकिन जींद से कुरुक्षेत्र के बीच रेल सेवा आज भी बंद पड़ी है। उन्होंने कहा कि जींद से बरसोला, उचाना, घसो, नरवाना से सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पढ़ने के लिए जाते हैं। यात्रियों ने मांग की है कि इस ट्रेन को जल्द चलवाया जाए, ताकि दैनिक यात्रियों के साथ विद्यार्थियों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जींद से कुरुक्षेत्र के लिए चार ट्रेन चलती थी। पहली ट्रेन जींद से सुबह साढ़े चार, दूसरी ट्रेन सुबह सवा आठ, तीसरी ट्रेन दोपहर एक बजकर पांच मिनट पर और चौथी ट्रेन शाम पांच बजकर 25 मिनट पर चलाई जाती थी। डिप्टी सीएम ने यात्रियों को आश्वासन दिया कि उनकी इस मांग को जल्द पूरा करवाया जाएगा। इसे लेकर रेलवे मंत्रालय में भी बात की जाएगी।