{"_id":"6310f11c75e2ad25ad24d9cf","slug":"youtuber-girl-and-person-arrested-for-blackmailing-the-in-charge-of-deputy-chief-minister-office","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: उपमुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी को ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये लेते यूट्यूबर युवती और व्यक्ति गिरफ्तार","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Haryana: उपमुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी को ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये लेते यूट्यूबर युवती और व्यक्ति गिरफ्तार
Thu, 01 Sep 2022 11:21 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, जींद (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, जींद (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Thu, 01 Sep 2022 11:21 PM IST
सार
आरोपी व्हाट्सअप पर अश्लील फोटो भेजकर कर ब्लैकमेल रहे थे। पांच लाख रुपये पहले ले चुके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपी युवती को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि निरंजन नांदल को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विस्तार
हरियाणा के जींद में पुलिस ने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के उचाना कार्यालय प्रभारी जगदीश सिहाग को ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये लेते हुए एक युवती व व्यक्ति को रंगे हाथ बुधवार शाम को जींद के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पहले जगदीश सिहाग से पांच लाख रुपये ब्लैकमेल करके ले चुके हैं।
विज्ञापन
मूल रूप से भिवानी और हाल आबाद अर्बन इस्टेट निवासी जगदीश सिहाग ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि लगभग छह महीने पहले एक यूट्यूबर युवती उसके कार्यालय में उसकी बाइट लेने के लिए आई। उसने बाइट देने से मना कर दिया। इसके बाद वह अपनी बहन को नौकरी लगवाने तथा एक जेबीटी अध्यापिका के तबादले को लेकर उसके पास आई।
विज्ञापन
उसने दोनों का आवेदन अपने पास रख लिया। अप्रैल 2022 में उसके पास एक महिला का फोन आया और अपने आपको मजबूर बताते हुए अपनी बेटी के दाखिले के लिए आर्थिक सहायता मांगी। जगदीश सिहाग ने उसे दो बार 30 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद महिला की मांग बढ़ती गई और उसने उसके मोबाइल पर अश्लील लड़कियों के फोटो भेजने शुरू कर दिए।
विज्ञापन
सिहाग ने कहा कि उसने उस मोबाइल नंबर को ब्लॉक कर दिया। फिर दूसरे मोबाइल नंबर से इसी प्रकार अश्लील फोटो आने शुरू हो गए। उसने दूसरे मोबाइल नंबर को भी ब्लॉक कर दिया। 28 जुलाई को निरंजन नांदल नामक एक व्यक्ति ने उसे फोन किया और उसका हितैषी बताते हुए मिलने के लिए कहा। 31 जुलाई को निरंजन भिवानी में जगदीश सिहाग के साथ उसके घर मिला।
निरंजन ने उसके पास युवती के व्हाट्सअप मैसेज होने की बात कही। 12 अगस्त को निरंजन नांदल उसके घर से ब्लैकमेल करते हुए जबरदस्ती पांच लाख रुपये ले गया और व्हाट्सअप चैटिंग को डिलीट करने की बात कही। 22 अगस्त को निरंजन नांदल ने फोन कर आठ लाख रुपये की डिमांड की। राशि नहीं देने पर चैटिंग को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी।
जगदीश सिहाग ने निरंजन व मनजीत को दो लाख रुपये देने के लिए बुधवार शाम को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस बुलाया तथा पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी। इस मामले में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर आरोपियों को दो लाख रुपये लेते हुए रंगेहाथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वीरवार को दोनों को अदालत में पेश किया। आरोपी युवती को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि निरंजन नांदल को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
एक महिला व युवक को दो लाख रुपये लेते हुए रंगेहाथ काबू किया गया है। यह जगदीश सिहाग को ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठ रहे थे। पहले भी यह लोग पांच लाख रुपये ले चुके हैं। दोनों को वीरवार को अदालत में पेश किया गया। यहां से युवती को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि युवक को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। -नरेंद्र बिजरानिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक