जींद: दूसरे के स्थान पर पेपर देने वाले को गिरफ्तार करने पहुंची भिवानी सीआईए के साथ हाथापाई
आरोप है कि पुलिस टीम के साथ पिता व भाई ने हाथापाई की। एएसआई सुभाष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के जींद के गांव खरेंटी निवासी एक युवक को गिरफ्तार करने के लिए बुधवार को भिवानी सीआईए-टू की टीम पहुंची। जब टीम आरोपी युवक को गिरफ्तार कर रही थी तो उसके पिता व भाई ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई की। जुलाना थाना पुलिस ने भिवानी के जांच अधिकारी एएसआई सुभाष की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
भिवानी सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया कि गांव खरेंटी निवासी कमल के खिलाफ भिवानी सदर थाना में मामला दर्ज है। उसके खिलाफ पुलिस भर्ती परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने तथा अन्य लोगों की मदद करने के आरोप हैं। इस मामले के जांच अधिकारी सीआईए-टू के एएसआई सुभाष टीम के साथ कमल को गिरफ्तार करने खरेंटी गांव में पहुंचे थे।
यहां पुलिस टीम जब आरोपी कमल को गिरफ्तार कर रही थी तो उसके पिता जगदीश व भाई कुलदीप ने विरोध करते हुए पुलिस टीम के साथ हाथापाई की और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। पुलिस टीम के साथ आरोपियों ने झगड़ा भी किया। इसके बाद बड़ी मुश्किल से पुलिस टीम आरोपी कमल को अपने साथ ले जा पाई। जुलाना थाना पुलिस में एएसआई सुभाष ने शिकायत दी है। पुलिस ने जगदीश व कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
भिवानी सीआईए-टू के जांच अधिकारी एएसआई सुभाष की शिकायत पर गांव खरेंटी निवासी जगदीश व कुलदीप के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -समरजीत, थाना प्रभारी, जुलाना।