जींद: चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय ने दिया ऑनलाइन परीक्षा का विकल्प, सख्त रहेंगी शर्तें
विवि द्वारा सख्त शर्त भी लगाई गई हैं। ऑनलाइन परीक्षा के दौरान यदि कोई उम्मीदवार नकल करते हुए पकड़ा जाता है तो उसको सुनवाई का मौका नहीं मिलेगा।
विस्तार
हरियाणा के जींद में विद्यार्थियों द्वारा किए आंदोलन के बाद चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) ने विद्यार्थियों को ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन परीक्षा का भी विकल्प दे दिया है। इसके साथ ही विवि द्वारा सख्त शर्त भी लगाई गई हैं। ऑनलाइन परीक्षा के दौरान यदि कोई उम्मीदवार नकल करते हुए पकड़ा जाता है तो उसको सुनवाई का मौका नहीं मिलेगा।
गौरतलब है विवि द्वारा पहले सिर्फ ऑफलाइन परीक्षाओं का ही विकल्प दिया गया था। इस पर विभिन्न विद्यार्थी संगठनों ने आंदोलन किया। इसके बाद विवि में ऑफाइलन के साथ ऑनलाइन परीक्षा के लिए विकल्प दिया है। इसके साथ ही विवि ने शर्त रखी है कि आनलाइन परीक्षा के दौरान यदि विद्यार्थी की तरफ से इंटरनेट, मोबाइल, लैपटॉप से जुड़ी कोई खराबी आने से बाधा आती है तो उसको दोबारा परीक्षा देने का मौका नहीं मिलेगा।
इनमें परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी को अपने पीछे शीशा लगाना होगा ताकि कैमरे में सारी गतिविधियां दिखाई दें। परीक्षा बीच में छोड़कर नहीं जा सकता, कोई भी संदिग्ध गतिविधि मिलने पर यूएमसी बनेगा। आनलाइन परीक्षा के लिए इंटरनेट, लैपटॉप व अन्य जरूरत के सामान की व्यवस्था खुद करनी होगी।
अगर इंटरनेट संबंधी कोई समस्या आती है तो उसके लिए विश्वविद्यालय जिम्मेदार नहीं होगा। विश्वविद्यालय की तरफ से आनलाइन परीक्षाओं को लेकर शुक्रवार को सूचना जारी कर दी जाएगी। इसके बाद जल्द ही आनलाइन परीक्षा देने का विकल्प चुनने के लिए साइट पर लिंक डाला जाएगा।
23 फरवरी से होनी हैं परीक्षाएं
विश्वविद्यालय व इससे संबंधित कॉलेज में 23 फरवरी से स्नातक व स्नातकोत्तर की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। स्नातक पाठ्यक्रम में 41 हजार से ज्यादा विद्यार्थी पंजीकृत हैं जबकि स्नातकोत्तर में करीब साढ़े आठ हजार विद्यार्थी हैं।
दिया गया है विकल्प
कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा के निर्देश पर ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन परीक्षा का भी विकल्प दिया गया है। परीक्षा में विद्यार्थी को नकल से रोकने के लिए शर्तें लगाई गई हैं। इस प्रकार की परेशानी से बचने के लिए विद्यार्थियों को ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प ही चुनना चाहिए। -डॉ. राजेश बंसल, परीक्षा नियंत्रक, सीआरएसयू।