युवती का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोपी अनूपगढ़ गांव निवासी हरदीप को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से अदालत के आदेशों पर उसे जेल भेज दिया गया।
पांच जून को शहर की एक कालोनी निवासी युवती ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह शहर के एक कॉलेज में पढ़ती थी। 13 नवम्बर 2019 को जब वह कॉलेज गेट से बाहर निकली तो अनूपगढ़ गांव के हरदीप, जगपाल उर्फ जग्गू और भगत सिंह ने उसका अपहरण कर लिया। इस दौरान उन्होंने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद वह उसे चंडीगढ़ ले गए थे। जहां हरदीप ने उसके साथ फिर से दुष्कर्म और अप्राकृतिक संबंध भी बनाए थे। उसने आरोप लगाया कि जगपाल उर्फ जग्गू और भगत सिंह ने भी अनूपगढ़ गांव में उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उसके बाद वह उनके चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची थी और अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में तीनों युवकों के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। जांच अधिकारी थाना प्रभारी एसआई शीला देवी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अनूपगढ़ गांव के हरदीप को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया। पुलिस की जांच में जगपाल उर्फ जग्गू और भगत सिंह निर्दोष पाए गए थे।