जुलाना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बूढ़ाखेड़ा लाठर में छात्राओं की सुविधा और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में ग्राम सचिव के पद पर कार्यरत दीपक पुनिया ने अकालगढ़, हथवाला और जुलाना क्षेत्र की छात्राओं के लिए 20 साइकिलें वितरित कीं। साइकिल मिलने से छात्राओं के लिए विद्यालय तक आने-जाने का सफर आसान होगा और उन्हें रोजाना आवागमन की परेशानी से राहत मिलेगी।
अकालगढ़ गांव से रमेश, राममेहर, बलवान, मनोज, अशोक, रामपाल, कप्तान, नरेंद्र और नरेश सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। उन्होंने छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी का सकारात्मक उदाहरण बताया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्याम देव आर्य ने पूर्व छात्र दीपक पुनिया का आभार जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए उनके द्वारा किया गया सहयोग प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। साथ ही, इससे समाज में यह संदेश जाता है कि विद्यार्थियों की शिक्षा और सुविधाओं की जिम्मेदारी केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। संवाद