जींद। एफएलएन के तहत बाल वाटिका से लेकर पांचवीं कक्षा तक के विदयार्थियों को शिक्षा में बेहतर बनाने के लिए सोमवार से पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। इसमें विद्यार्थियों को खेल के माध्यम से पढ़ाने के गुर इन गुरूजनों को सिखाए जाएंगे, ताकि छोटे बच्चों किताबों के माध्यम से पढ़ने से पीछे न हटे। इसमें पहले दिन दो 160 शिक्षकों ने भाग लिया।
एफएलएन जिला कोऑर्डिनेटर राजेश वशिष्ठ ने बताया कि एफएलएन के तहत राजकीय स्कूलों में खेल-खेल में गतिविधि आधारित शिक्षण से विद्यार्थियों को निपुण बनाया जा रहा है। इसमें पिछले कुछ वर्षों से अध्यापक प्रशिक्षणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने में कारगर साबित हुआ है। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के समाप्त होने पर पीआरटी को अपना प्रशिक्षण प्रमाण पत्र स्कूल मुखिया के समक्ष प्रस्तुत करना होगा। यदि किसी स्कूल से कोई शिक्षक प्रशिक्षण नहीं लेता है, उसकी जिम्मेदारी संबंधित मुखिया की होगी। जिलेभर से लगभग 500 शिक्षक प्रशिक्षण में भाग लेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का पूरा रिकॉर्ड बीपीआईयू की सहायता से बीईओ द्वारा रखा जाएगा। पांच दिवसीय प्रशिक्षण को लेकर जिला संसाधन समूह का गठन किया गया है, जिसमें डाइट प्राचार्य अध्यक्ष और डीपीसी सदस्य सचिव के रूप में हिस्सा लेंगे।