फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Jhajjar/Bahadurgarh News ›   student death matter growing , dead body is on road traffic jam

छात्र की मौत पर बवाल, शव सड़क पर रख लगाया जाम

Thu, 27 Apr 2017 12:21 AM IST
amarujala/ jhajjar
amarujala/ jhajjar Updated Thu, 27 Apr 2017 12:21 AM IST
विज्ञापन
student death matter growing , dead body is on road traffic jam
रोहतक-दिल्ली रोड पर जाम में फंसे वाहन।
लाइनपार निवासी एक छात्र की मौत पर बुधवार को शहर में बवाल हो गया। पीड़ित पक्ष ने रोहतक-दिल्ली रोड स्थित झज्जर मोड़ चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप था कि उनके बेटे का एक्सिडेंट नहीं, उसकी हत्या की गई है और पुलिस मामले में सही ढंग से कार्यवाही नहीं कर रही। जब तक मामला नहीं सुलझेगा वे जाम नहीं खोलेंगे। इधर, जाम के कारण रोहतक-दिल्ली हाईवे पर यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। व्यवस्था बनाने में पुलिस के भी पसीने छूट गए।
विज्ञापन

ये है मामला
मूलत: हिमाचल प्रदेश निवासी दलीप फिलहाल बहादुरगढ़ के लाइनपार क्षेत्र स्थित विकास नगर कॉलोनी में रह रहा है। वह दिल्ली में कैब चलाता है। उसका बेटा सचिन परमार (17) सेक्टर-6 स्थित डीएवी स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। फिलहाल उसकी परीक्षाएं चल रही थी। गत 14 अप्रैल को वह अपने एक साथी निखिल के साथ ट्यूशन पर गया था। शाम करीब 4 बजे निखिल के पिता ने उनके घर फोन करके सचिन के एक्सीडेंट होने की बात कही और बताया कि वह रोहतक रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे। उसकी हालत काफी गंभीर थी। 15 अप्रैल को यहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होता देख परिजन उसे दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में ले गए। वहां भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। लगभग 2 सप्ताह तक संघर्ष करने के बाद सचिन ने मंगलवार की रात दम तोड़ दिया।
विज्ञापन


शव रखकर लगाया जाम
सचिन की मौत से आहत परिजनों एवं परिचितों के सब्र का बांध टूट गया। गुस्साए लोग बुधवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे रोहतक-दिल्ली रोड पर पहुंचे। जैसे ही शव दिल्ली से आया तो लोगों ने शव को गाड़ी से उतारकर चौक पर रख दिया। परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे का एक्सिडेंट नहीं हुआ, उसकी हत्या की गई है। उनके बेटे के गुप्तांग में भी चोटें हैं। एक्सीडेंट हुआ होता तो शरीर के ऊपरी हिस्से में भी चोट लगी होती। अगर एक्सीडेंट हुआ भी है तो पुलिस बताए की कौन सी जगह हुआ। पुलिस ने इस मामले में बेहद ढिलाई बरती है। जांच अधिकारी ने तो उन पर स्टेटमेंट बदलने का भी प्रयास किया था। परिजनों ने बताया कि निखिल ने ही फोन करके सचिन को ट्यूशन पर बुलाया था। निखिल और रिया नाम की लड़की को पूरे मामले का पता है। पुलिस उन दोनों से पूछताछ करे और शीघ्र ही मामले को सुलझाए।
विज्ञापन
विज्ञापन


एक्सिडेंट कहां हुआ यह बताए पुलिस
मामले में एक्सीडेंट की बात सामने आ रही है। पुलिस ने भी इस मामले में एक्सीडेंट का केस दर्ज किया था। मगर परिजन इस बात पर आपत्ति जता रहे हैं। यह भी नहीं पता चल पा रहा कि एक्सीडेंट कहां हुआ। जाम पर बैठे परिजन यही बात कह रहे थे की एक्सीडेंट हुआ है तो कहां हुआ?

पुलिस भी परेशान
जाम की सूचना मिलते ही डीएसपी भगतराम, सिटी एसएचओ प्रदीप कुमार, सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह, लाइनपार पुलिस थाना एसएचओ कुलबीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों ने पुलिस को भी खरी-खरी सुनाई। डीएसपी ने लोगों को कई बार शांत कराने के प्रयास किए, मगर लोग तुरंत कार्यवाही की मांग पर अड़े हुए थे।

जाम से चरमराई यातायात व्यवस्था
झज्जर मोड़ शहर का प्रमुख चौक है। यहां जाम लगने के कारण रोहतक-दिल्ली मार्ग व झज्जर रोड की यातायात व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई। दूर-दूर तक वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। वाहन जाम में फंसे रहे। हरेक वाहन चालक जाम लगने का कारण पूछता रहा। स्कूली बस भी जाम में फंस गई, जिससे बच्चे परेशान दिखे। दुपहिया वाहन तो किसी तरह गलियों से गुजर गए, मगर बड़े वाहन चालकों को दिक्कतें हुई। जाम पर बैठे लोगों ने किसी भी वाहन चालक को जाने नहीं दिया। बीच-बीच में कुछ चालकों के साथ नोंकझोंक भी हुई। उधर, जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने यातायात सेक्टर-9 और जाखोदा बाईपास से डायवर्ट कर दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुला तो पुलिस और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। अढ़ाई बजे के बाद ही हालात सामान्य हो पाए।


शीघ्र सुलझा लिया जाएगा मामला
डीएसपी भगत राम के अनुसार, फिलहाल सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज है लेकिन परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले में परिजनों ने सचिन के सहपाठी निखिल व रिया के नाम दिए हैं। इनसे पूछताछ की जाएगी। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed