{"_id":"01ffc6f4b10d2994261772691ef02c70","slug":"merder-in-land-case-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जमीनी विवाद में हत्या, शव जलघर परिसर में दबाया ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जमीनी विवाद में हत्या, शव जलघर परिसर में दबाया
अमर उजाला ब्यूरो/ बहादुरगढ़
Updated Thu, 11 Jun 2015 11:58 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रॉपर्टी की लालसा ने एक बार फिर अपनों को ही जान का दुश्मन बना दिया। चार दिन के अंदर क्षेत्र में एक युवक सहित दो की हत्याएं हो चुकी हैं।
विज्ञापन
जहां रविवार को लाइन पार थाना क्षेत्र में भाई ने ही भाई की जान ले ली थी, वहीं बृहस्पतिवार को भतीजों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर चाचा को मौत के घाट उतार दिया।
विज्ञापन
दोनों ही घटनाओं को उस समय अंजाम दिया गया है, जब वे सो रहे थे। गांव मातन में जमीनी विवाद को लेकर घर से दो दिन पहले गायब हुए व्यक्ति की साजिश के तहत पहले हत्या की गई और बाद में उसके शव को खुर्द-बुर्द करने के मकसद से गांव से पांच किलोमीटर दूर खरहर के जलघर परिसर में अर्ध नग्न अवस्था में ही दबा दिया।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस हत्याकांड में मृतक के भतीजों ने कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें जुटी हैं।
थाना सदर पुलिस ने शव को जमीन से निकालकर उसे पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भिजवाया है। प्रारंभिक जांच में उसे गला दबाकर मौत के घाट उतारने की बात सामने आई है।
बहादुरगढ़-बेरी मार्ग पर पड़ने वाले गांव मातन का सुरेश (50) जो कि अविवाहित था। वह मंगलवार की रात को घर से खाना खाकर अपने प्लॉट में सोने के लिए निकला था, लेकिन सुबह वह नहीं मिला।
परिजन भी उसे घंटों तलाशते रहे, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका। बुधवार दोपहर बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी कि सुरेश की हत्या कर दी गई है और उसके शव को खुर्द-बुर्द कर दिया गया है।
इस पर थाना सदर प्रबंधक बिजेंद्र सिंह, सीआईए इंचार्ज सज्जन कुमार, एसआईटी अधिकारी, एफएसएल टीम सहित अन्य पुलिसकर्मी गांव में पहुंचे थे। पुलिस ने सुरेश का पता लगाने का प्रयास किया। गांव के नजदीक से गुजर रही नहरों को भी खंगाला गया, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था।
पुलिस ने मृतक के एक भतीजे से शक के आधार पर पूछताछ की तो पूरे मामले से पर्दा उठता चला गया। बृहस्पतिवार को उसका शव गांव खरहर के सुनसान जगह पर बने जलघर परिसर से जमीन से निकाला गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार उसकी हत्या करने के बाद शव को कार में डालकर वे उसे गांव खरहर तक लेकर गए। पुलिस इस हत्याकांड में प्रयोग की गई कार को भी कब्जे में लेगी।
एसपी सुमित कुमार ने बताया कि हत्या के इस मामले में एक आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
भतीजों और कई अन्य पर आरोप
एसपी सुमित कुमार ने बताया कि सुरेश की हत्या के पीछे जमीनी विवाद रहा है। सुरेश के पिता ने चार एकड़ जमीन सुरेश के भतीजों सुमित व अमित के नाम करा दी थी।
जिस पर सुरेश ने विरोध किया था और उसने अदालत में केस दायर कर दिया था। अभी तक जांच में पता चला कि उसके भतीजे जमीन को बेचना चाहते थे, मगर अदालती आदेशों के कारण संभव नहीं हो पा रहा था।
इसके चलते वे अपने चाचा से रंजिश रखने लगे थे। उन्होंने मौका पाकर सुरेश का सोते समय गला घोंट दिया और उसे मौत के घाट उतारकर शव को खरहर गांव के वाटर वर्क्स के पास जमीन खोदकर दबा दिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी सुमित की निशानदेही पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव को यहां से निकाला। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मांडोठी चौकी प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मृतक के भाई नरेश के बयान पर अमित, सुमित, संदीप, जयपाल, कृष्ण, दिलबाग और दीवान के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।