झज्जर। डावला गांव की मुख्य गली व सड़क में नालों की सफाई न होने की वजह से लोगों के घरों में दरार आने लगी है। इससे क्षुब्ध ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर को कोसली रोड अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की लाइन लग गई। सूचना पाकर सरपंच प्रतिनिधि और सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और सफाई शुरू कराने का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। लगभग दो घंटे तक जाम लगने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम खुलने के बाद जेसीबी की सहायता से नालों की सफाई का काम शुरू कराया गया।
गांव के सरपंच प्रतिनिधि सतबीर सिंह, पुनीत, ओमप्रकाश ने बताया कि गांव के मुख्य मार्ग पर बस्ती है। कुछ लोगों ने रोड के दोनों तरफ सरकारी पंचायती नालों को कवर किया हुआ है। इस कारण इन नालों की सफाई नहीं करती है। यह काम पंचायत का है, लेकिन कवर होने की वजह से सफाई नहीं हो पाती। कुछ समय पहले भी पंचायत ने सफाई कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ लोगों ने नहीं होने दिया। अब समस्या ज्यादा बढ़ गई है। आगे पानी निकासी जोहड़ तक नहीं हो रही। गलियों और घरों तक पानी घुस गया। कुछ लोगों के घरों में दरार आ चुकी है। सुबह जब पाबी की सप्लाई होती है तो सड़कों व मुख्य गली में पानी जमा हो जाता है। आम जनता पैदल तक नहीं निकल सकती। वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। उन्होंने मांग की कि पुलिस प्रशासन मौके पर आए और अपनी निगरानी में काम कराए। पिछले एक साल से यहां नालों की सफाई नहीं हुई है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आश्वासन देकर जाम को खुलवाया गया। उसके बाद जेसीबी की सहायता से नालों की सफाई का काम शुरू किया गया।