Hisar News: नशे की ओवरडोज से युवक की मौत, हाथ में लगी थी सिरिंज
हरियाणा के हिसार में 12 क्वार्टर चौकी पुलिस को राजीव नगर में नहर के पास एक युवक का शव मिला। युवक के एक हाथ पर सिरिंज लगी थी। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार युवक की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। मृतक की पहचान मिलगेट की गवर्नमेंट कॉलोनी के विक्की (18) के तौर पर हुई। एचटीएम थाना पुलिस ने बताया कि विक्की चिट्टे का नशा करता था।
राजीव नगर में नहर के पास युवक का शव पड़ा होने की सूचना पर एएसआई संदीप कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एक युवक मृत मिला, जिसके एक हाथ में सिरिंज लगी थी। गवर्नमेंट कॉलोनी निवासी शैलेंद्र ने बताया कि उसका बेटा विक्की राजीव नगर में एक घोड़ा बुग्गी वाले के पास काम करता था और वहीं रहता था।
वह 31 जनवरी को सुबह घर आया था। नहाकर कुछ देर बाद निकल गया था। दोपहर बाद उसकी मौत की खबर मिली। बता दें कि पिछले छह महीने में कैंट की आदर्श कॉलोनी के 26 वर्षीय वीरेंद्र, सूर्यनगर निवासी 23 वर्षीय अमित कुमार, मस्तनाथ कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय संजय कुमार, पड़ाव निवासी विद्याधर उर्फ बंटी की नशे की ओवरडोज से मौत हो चुकी है।