विनोद हत्याकांड: परिजनों ने पांचवें दिन भी नहीं उठाया शव, आज आईजी कार्यालय पर देंगे धरना
हिसार के पास गांव मीरकां में गत मंगलवार सुबह पानी की मोटर चोरी करने के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनका उपचार चल रहा है। परिजनों ने मांगें पूरी हुए बिना शव को लेने से इनकार किया हुआ है।
विस्तार
हिसार के मीरकां गांव निवासी विनोद की हत्या मामले में शनिवार को भी नागरिक अस्पताल में परिजन धरने पर बैठे रहे। प्रशासन पीड़ित परिवारों समझाने के प्रयास में जुटा रहा। पीड़ितों ने सभी 17 आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले वह शव उठाने से इनकार कर कर दिया। पीड़ित परिवारों ने शनिवार को पांचवें दिन भी मृतक विनोद का शव नहीं लिया।
इधर पुलिस का कहना है कि मामले में पांचवां आरोपी संदीप उर्फ ढांगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे शनिवार को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी इंद्र को जेल भेजा जा चुका है। राजपाल उर्फ गोलू, भागीरथ व सरपंच के भतीजे विजय का तीन-तीन दिन का रिमांड जारी है। आरोपियों से रिमांड अवधि में वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं।
घायल भाल सिंह के खाते में नहीं पहुंची सहायता राशि
एससी-एसटी एक्ट के तहत मिलने वाली मदद के लिए स्वीकृत राशि चार लाख 12 हजार रुपये मृतक विनोद के परिवार के खाते में चार-चार किस्त में कल डालने की बात शुक्रवार को तहसीलदार हरकेश गुप्ता ने धरनास्थल पर कही थी। शनिवार को मृतक विनोद के भाई दलीप ने कहा कि अभी तक खाते में राशि नहीं आई है। वहीं घायल भाल सिंह का खाता नंबर अभी तक नहीं मिला है। जिस कारण उसकी सहायता राशि भी खाते में नहीं पहुंची।
सुबह 11 बजे आईजी को सौंपेंगे ज्ञापन
नागरिक अस्पताल में धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि पुलिस की ओर से बताया गया है कि अब तक आठ आरोपी पकड़े जा चुके हैं, लेकिन पुलिस गिरफ्तारी पांच की दिखा रही है। उनका कहना है कि पुलिस की ओर से आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी रोष स्वरूप रविवार को क्रांतिमान पार्क में भीम आर्मी सहित कई संगठनों के लोग सुबह 11 बजे एकत्रित होंगे। उसके बाद आईजी राकेश कुमार आर्य को ज्ञापन सौंपा जाएगा। अगर आईजी अपने कार्यालय में नहीं मिले तो वहीं पर धरना दिया जाएगा। उसके बाद नागरिक अस्पताल तक रोष प्रदर्शन भी किया जाएगा।
आरोपियों की तलाश जारी
पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। -डीएसपी अभिमन्यु, हिसार।