हिसार। मंगाली जाटाण निवासी धर्मबीर के घर के बाहर खड़े कैंटर से सीआईए टीम ने 1513 किलोग्राम लाल चंदन की लकड़ी बरामद की थी। आजाद नगर थाना पुलिस में केस दर्ज हुुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दस दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी धर्मबीर को चेन्नई लेकर गई थी। मगर, पुलिस वहां से खाली हाथ वापस लौट आई है। शनिवार को आरोपी को दोबारा अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
सीआईए टीम के एएसआई मांगेराम ने बताया था कि 6 अप्रैल को उन्हें गुप्त सूचना मिली की ढाणी मंगाली जाटान गांव में रहने वाला एक व्यक्ति कैंटर में लाल चंदन की लकड़ियां लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची। एक घर के बाहर कैंटर खड़ी थी और उसमें एक व्यक्ति बैठा हुआ था। वह पुलिस टीम को देखकर कैंटर से नीचे उतर कर भागने लगा। शक के आधार पर उसे पकड़ लिया और पूछताछ की तो उसने अपना नाम धर्मबीर बताया और कहा कि यह कैंटर उसका है। जब कैंटर की तलाशी ली गई तो उसके अंदर घरेलू सामान के नीचे प्लास्टिक के डिब्बों के अंदर लाल चंदन की लकड़ियां रखी हुई थी। डिब्बों के अंदर से चंदन की छोटी छोटी पेड़ियों को बाहर निकाला और उनका वजन किया तो वह 1513 किलोग्राम मिला। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी धर्मबीर चेन्नई के कामराज अन्ना से लकड़ियां लेकर आया था। आरोपी को गांव और आसपास के एरिया में लकड़ियां सप्लाई करनी थी।