अग्रोहा। खेड़ी बर्की गांव में बस सेवा की समस्या होने पर मंगलवार को विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। विद्यार्थियों ने गांव के मुख्य बस अड्डे पर रोडवेज बस रोककर प्रदर्शन किया और प्रशासन से पूर्व समय-सारिणी के अनुसार सुचारू रूप से बस चलाने की मांग की।
विद्यार्थियों ने बताया कि पिछले चार वर्षों से गांव खेड़ी बर्की में सुबह 8 बजे बस आती थी, जो 8:15 बजे हिसार के लिए रवाना हो जाती थी। इससे वे समय पर स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में पहुंच जाते थे, लेकिन पिछले दो सप्ताह से बस का रूट बढ़ाकर किराड़ा गांव कर दिया गया है जिसके कारण अब बस गांव में करीब 9 बजे पहुंचती है। इससे स्कूल-कॉलेज पहुंचने में उन्हें देरी हो रही है।
विद्यार्थियों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए वे पिछले दो सप्ताह से जीएम कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन जीएम से मुलाकात न होने पर मजबूर होकर उन्हें बस रोकने का कदम उठाना पड़ा। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और उच्च अधिकारियों से बातचीत कर बस को रवाना करवाया। इस मौके पर अंकित, सुमेश, राहुल, राकेश आदि मौजूद रहे।