Hisar: भुजिया फैक्टरी मालिक की हत्या करने वाले चार दोषियों को आजीवन कठोर कारावास
पुरानी रंजिश के चलते मंगाली सूरतिया गांव में 15 जुलाई 2018 को महावीर को गोलियां मारी थी। आजाद नगर थाना पुलिस ने सुरजीत और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। कोर्ट ने एक आरोपी राहुल को बरी कर दिया है।
विस्तार
हरियाणा के हिसार में अदालत ने पुरानी रंजिश के चलते मंगाली सूरतिया निवासी भुजिया फैक्टरी मालिक महावीर की गोलियां मारकर हत्या करने के चार दोषियों को आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश लोकेश गुप्ता की अदालत ने दोषी मल्लापुर गांव के इंद्र उर्फ दाउद पर 25 हजार, मंगाली सुरतिया निवासी सुरजीत, अंकुश और आदमपुर के रजत पर 28-28 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इस संबंध में 16 जुलाई 2018 को आजाद नगर थाना पुलिस ने सुरजीत और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। कोर्ट ने एक आरोपी राहुल को बरी कर दिया है।
अदालत में चले अभियोग के अनुसार मंगाली सूरतिया निवासी संजय ने बताया था कि मेरे परिवार के महावीर के साथ पारिवारिक संबंध हैं। महावीर की गांव के बीच में नमकीन भुजिया की फैक्टरी है। 15 जुलाई 2018 की रात मैं और मेरे चचेरे भाई सुग्रीव महावीर के पास फैक्टरी में गए थे।
तीनों फैक्टरी के बाहर कुर्सियों पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक और जीप फैक्टरी के बाहर आकर रुकीं। सुरजीत और अन्य फैक्टरी के बाहर आए और आते ही अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हम दोनों भाइयों ने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद घायल महावीर को सरकारी अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन हत्याओं का लिया था बदला
आजाद नगर थाना पुलिस की पूछताछ में आरोपी सुरजीत ने बताया था कि 2001 में महावीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर मेरे पिता राममूर्ति, चाचा कृष्ण और ताऊ दलीप की हत्या की थी। तीन हत्याओं का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया।