Haryana: पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव, उत्तरी, दक्षिण व दक्षिण पूर्वी जिलों में हुई बारिश, कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी
22 अप्रैल तक प्रदेश में बारिश के आसार है। प्रदेश के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला इसका अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा। बारिश ने किसानों व आढ़तियों की चिंता बढ़ा दी है। मंडियों में बड़ी मात्रा में गेहूं पहुंच पड़ा है।
विस्तार
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बुधवार को हरियाणा के उत्तरी, दक्षिण व दक्षिणी पूर्वी जिलों में हल्की बिखराव वाली बारिश हुई। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक 22 अप्रैल तक प्रदेश में बारिश के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में एक मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी मैदानी राज्यों राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके असर से मंगलवार देर रात पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी व महेंद्रगढ़ में धूल भरी तेज हवाओं के साथ बिखराव वाली बूंदाबांदी हुई। बुधवार सुबह वातावरण में धूल का गुबार छाया रहा।
सुबह से शाम तक बादलों की आवाजाही बनी रहीं। दोपहर बाद चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, जींद, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम आदि जिलों में हल्की बिखराव वाली हल्की बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गति से हवाएं चलीं।
इसके अलावा जींद, कुरुक्षेत्र, पानीपत और कैथल आदि स्थानों पर कहीं-कहीं ओलावृष्टि की गतिविधियां भी दर्ज की गईं। वहीं, मौसम के बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई और यह 33.0 से 41.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान मेंह 5.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई और यह 18.7 से 24.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ का असर 22 अप्रैल तक जारी रहेगा। प्रदेश के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला इसका अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में तेज गति से हवाएं चलने, मध्यम श्रेणी की बारिश और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओलावृष्टि की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश मध्य हिस्से भिवानी, रोहतक, झज्जर, सोनीपत व पानीपत पर इसका मध्यम असर देखने को मिलेगा। यहां तेज गति से हवाएं चलने के अलावा हल्की से मध्यम बारिश होगी।