बिजली निगम की ओर से बिजली बिलों पर एसीडी लागू करने के बाद आए भारी भरकम बिजली बिलों की समस्या का समाधान अगले दो तीन दिनों में होने की उम्मीद है। इस मुद्दे को लेकर हिसार संघर्ष समिति के अध्यक्ष व जजपा नेता जितेंद्र श्योराण के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल से बातचीत में बिजली मंत्री ने इस तरह के संकेत दिए।
जितेंद्र श्योराण ने शनिवार को एक बयान में बताया कि बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने बिजली बोर्ड के डायरेक्टर और मुख्यमंत्री मनोहर लाल से इस संबंध में बातचीत की। इसके बाद सोमवार को बिजली अधिकारियों की बैठक भी बुलाई है। जिसकी रिपोर्ट के बाद इस समस्या का समाधान हो सकता है। बिजली मंत्री के आश्वासन के बाद रविवार को टाउन पार्क में होने वाली बैठक भी स्थगित कर दी गई है। प्रतिनिधिमंडल में पार्षद जगमोहन, पार्षद राजकुमार, अनाजमंडी प्रधान छबीलदास केडिया, सेक्टर 13 प्रधान अमरलाल बूरा, पीएलए प्रधान सतपाल ठाकुर, सेक्टर 3-5 प्रधान मास्टर राजेंद्र सैनी, जगमोहन मित्तल आदि मौजूद थे।