पीएम किसान निधि योजना: 15वीं किस्त के लिए किसानों को करवाना होगा KYC के साथ भूमि रिकॉर्ड और आधार का सत्यापन
किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सालाना 3 किस्तों में 6 हजार रुपये दिए जाते हैं। सरकार ने इसमें फर्जीवाड़े को रोकने के लिए ई -केवाईसी की अनिवार्यता की गई है। हिसार जिले में 82 प्रतिशत किसानों का सत्यापन हो चुका है।
विस्तार
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हरियाणा के 18,85,915 किसान लाभार्थी हैं, लेकिन सत्यापन न करवाने की वजह से 558548 किसान 15वीं किस्त से वंचित रह जाएंगे। ई-केवाईसी के साथ भूमि रिकॉर्ड और आधार का सत्यापन न कराने वाले किसानों के खाते में 2000 रुपये की किस्त नहीं आएगी। इस बार 1327367 किसानों के खाते में यह किस्त अगले महीने आने की उम्मीद है। प्रदेश में सबसे अधिक हिसार जिले के 112140 किसान के खाते में 15वीं किस्त आएगी।
लाभार्थियों को पिछली किस्त जुलाई में मिली थी
बता दें कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सालाना 3 किस्तों में 6 हजार रुपये दिए जाते हैं। जिनकी खेती की जमीन पांच एकड़ से कम है, वे इस योजना के तहत लाभार्थी हैं। लाभार्थियों को पिछली किस्त जुलाई में मिली थी। लेकिन इस बार गड़बड़ी रोकने के लिए तीन तरह से सत्यापन किया जा रहा है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिन किसानों ने ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके लिए अब भी मौका है। आधिकारिक पोर्टल pmkisan.gov.in पर जाकर ई-केवाईसी करवा सकते हैं। ऐसे किसान नजदीकी सीएससी पर जाकर जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को पूरा करें।
कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में सबसे अधिक सिरसा के किसानों का ईकेवाईसी लंबित हैं। वहीं भूमि संबंधी रिकॉर्ड अपडेट करवाने में मेवात के किसान प्रदेश में सबसे पीछे हैं। जबकि आधार सत्यापन करवाने के मामले में सबसे पीछे जींद जिले के किसान हैं। जहां, 13624 किसानों ने आधार का सत्यापन नहीं करवाया है।
अधिकारी के अनुसार
फर्जीवाड़े को रोकने के लिए ई -केवाईसी की अनिवार्यता की गई है। हिसार जिले में 82 प्रतिशत किसानों का सत्यापन हो चुका है। करीब 28 हजार किसानों का सत्यापन बकाया है। जिसके लिए विभाग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ई केवाईसी के बिना आगे की किस्त नहीं मिल पाएंगी। ऐसे में सभी किसानाें को जल्द से जल्द इसे पूरा कराएं । किसानों को अपने आधार कार्ड से लिंक बैंक खाता, जमीन का दस्तावेज उपलब्ध कराना होगा। -डॉ. राजबीर सिंह , उप निदेशक, कृषि विभाग , हिसार।
ऐसा करें तो घर आएंगी लक्ष्मी
1. अगर आप योजना से जुड़े हैं तो ई-केवाईसी जल्द करवाएं। अगर आप इसे नहीं करवाते हैं, तो आपकी किस्त अटक सकती है।
2.कई किसान ऐसे भी हैं जिनका आधार कार्ड अब तक उनके बैंक खाते से लिंक नहीं है। अगर ऐसा है तो भी आपकी किस्त नहीं आएगी।
3.जो किसान भू-सत्यापन नहीं करवा रहे हैं, उनकी भी किस्त अटक सकती है। सभी लाभार्थियों के लिए भू-सत्यापन जरूरी है।
पीएम किसान सम्मान निधि के लंबित मामलों की स्थिति 19 अक्तूबर 2023 तक
जिले का नाम लंबित ईकेवाईसी लंबित भूमि रिकॉर्ड लंबित आधार सत्यापन 15वीं किस्त के लिए योग्य
अंबाला 7838 1735 4246 40857
भिवानी 24736 21201 9982 100262
चरखी दादरी 5224 7977 5057 51163
फरीदाबाद 23139 9740 8216 64428
फतेहाबाद 4823 1415 3131 17650
गुरुग्राम 6250 2324 2784 19653
हिसार 27670 13035 12208 112140
झज्जर 18189 16891 9254 59628
जींद 21088 12752 13624 110726
कैथल 26953 7362 10444 79215
करनाल 20379 5564 9861 61074
कुरुक्षेत्र 12949 5744 7821 52499
महेंद्रगढ़ 10831 4256 6975 82087
मेवात 28558 21824 8878 55804
पलवल 17756 3788 7259 58710
पंचकूला 4268 972 1861 14877
पानीपत 8252 4176 4997 38164
रेवाड़ी 7464 2634 4077 51932
रोहतक 19275 12669 10067 53050
सिरसा 31288 12389 9243 85944
सोनीपत 21271 6608 10260 66466
यमुनानगर 11339 2200 5959 51038
कुल 359540 177256 166204 1327367