आदमपुर उपचुनाव: BJP प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के मंच पर लगे बैनर में नजर आए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला
पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई बोले कि हम गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं और गठबंधन का धर्म भी निभा रहे हैं। पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भव्य के साथ आदमपुर की जमीन पर पहली बार कमल खिलेगा।
विस्तार
आखिरकार आदमपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के दौरान मंच पर लगे बैनर में भाजपा नेताओं के साथ गठबंधन सरकार में सहयोगी डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का फोटो दिखाई दे ही गया। पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हमारे पोस्टर बैनर में उप मुख्यमंत्री का फोटो शामिल रहेगा।
मंगलवार को भव्य बिश्नोई के चुनाव प्रचार में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सीटी रवि के कार्यक्रम में मंच पर यह बैनर लगाया गया। वे बिश्नोई धर्मशाला में बूथ समिति की बैठक को संबोधित करने आए थे। मंच पर लगे बैनर पर पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम मनोहरलाल, प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़, जिला प्रभारी मनीष ग्रोवर, जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र के बाद डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की फोटो लगाई गई है। इस बैनर में पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई का फोटो नहीं है। पार्टी प्रत्याशी भव्य का फोटो सबसे बड़े आकार में लगाया गया।
यह भी पढ़ें : Haryana : खेतों से लेकर मंडियों तक फसलों को भारी नुकसान, तिरपाल के बिना भीग गया 10 लाख मीट्रिक टन धान
कुलदीप बिश्नोई ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि पोस्टर-बैनर में फोटो न लगने का कोई विवाद नहीं है। हमने अभी तक पोस्टर-बैनर नहीं लगवाए। किसी कार्यकर्ता की ओर से पोस्टर लगाया गया हो तो हमें जानकारी नहीं है। हम गठबंधन की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। गठबंधन धर्म को भी निभा रहे हैं। हमारे पोस्टर में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के फोटो लगाए जा रहे हैं। पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भव्य के साथ आदमपुर की जमीन पर पहली बार कमल खिलेगा।
एक लाख वोट का लक्ष्य : रवि
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने कार्यकर्ताओं को एक लाख वोट का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि अगर एक लाख वोट मिलेंगे तो भाजपा की एकतरफा जीत होगी। राष्ट्रीय संगठन मंत्री रविंद्र राजू ने कहा कि हर बूथ पर जीत का संकल्प लेकर जाएं।
आदमपुर उपचुनाव आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सतेंद्र सिंह ने किया नामांकन, भव्य आज नामांकन भरेंगे
आदमपुर उपचुनाव को लेकर कांग्रेस, इनेलो के प्रत्याशी का अब तक एलान नहीं हो सका है। नामांकन के तीसरे दिन आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सतेंद्र सिंह ने अपना नामांकन किया। भूपेंद्र बैनीवाल ने कवरिंग उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरा है। आदमपुर उपचुनाव में अब तक केवल तीन नामांकन आए हैं। जिसमें एक नामांकन निर्दलीय का है।
कांग्रेस की टिकट को लेकर इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। 3 अक्तूबर को आदमपुर उपचुनाव का एलान किया गया था। 8 दिन बाद भी कांग्रेस अपना प्रत्याशी तय नहीं कर पाई। कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर जयप्रकाश के नाम की सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट वायरल की जा रही है। बुधवार को कांग्रेस के प्रत्याशी का नाम घोषित होने की पूरी उम्मीद है। इंडियन नेशनल लोकदल की ओर से भी प्रत्याशी का चयन नहीं किया जा सका। इनेलो प्रत्याशी 14 को अपना नामांकन करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि बुधवार को प्रत्याशी का नाम घोषित होगा।
कांग्रेस की टिकट के लिए महापंचायत
किसान नेता कुरड़ाराम ने मंगलवार को गांव बालसमंद में महापंचायत बुलाई। उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर अपनी दावेदारी पेश की। जल संघर्ष समिति के अध्यक्ष कुरड़ाराम ने कहा कि पूर्व सीएम चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान जनभावनाओं के अनुसार स्थानीय व्यक्ति को मैदान में उतारें। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मिले थे।