फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   Outrage erupts over failure to arrest murder suspects; Jindal Chowk blocked for two hours.

Hisar News: हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर फूटा गुस्सा, जिंदल चौक दो घंटे जाम

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 06 Aug 2026 12:54 AM IST
विज्ञापन
Outrage erupts over failure to arrest murder suspects; Jindal Chowk blocked for two hours.
जिंदल चौक पर मृतक के परिजन रोड जाम करके प्रदर्शन करते हुए।
हिसार। सूर्य नगर गली नंबर-6 निवासी डेयरी संचालक जीवन हत्याकांड में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने जिंदल चौक पर करीब दो घंटे तक रोड जाम कर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन


पुलिस प्रशासन की ओर से दो दिन में कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी के लिए सरकार को पत्र भेजने के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी जाम खोलने को तैयार हुए।
विज्ञापन


परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन में आरोपियों का एनकाउंटर नहीं होता तो वह दोबारा धरना-प्रदर्शन करेंगे। वहीं, दूसरे दिन भी जीवन के शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश की पत्नी प्रोमिला को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जीवन के पिता बिजेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि करीब दो माह पहले पड़ोसी रमेश, उसकी पत्नी प्रोमिला और कपिल ने प्लॉट में गायों के लिए चारा डालने को लेकर घर में घुसकर उनकी पुत्रवधू रमन के साथ मारपीट की थी। इस मामले में 30 मई को एचटीएम थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई गई थी।

बिजेंद्र के अनुसार 3 अगस्त को रमेश की पत्नी प्रोमिला ने गली में खड़े होकर केस वापस लेने की धमकी दी थी। 4 अगस्त सुबह करीब साढ़े चार बजे उनका बेटा जीवन पशुओं का गोबर डालने के लिए रेलवे लाइन के पास गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। वहां जाकर देखा तो जीवन खून से लथपथ पड़ा था।

जीवन ने बताया था कि रमेश, मोलड़ और अन्य 15-20 लोगों ने घेरकर घातक हथियारों से हमला किया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

पीड़ित परिवार के समर्थन में पहुंची पंचग्रामी पंचायत

हत्याकांड के दूसरे दिन पंचग्रामी पंचायत पीड़ित परिवार के समर्थन में हिसार पहुंची। सुबह परिजन पंचायत के साथ अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचे जहां जीवन का शव पोस्टमार्टम के लिए रखा गया था। पहले परिजन पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार नहीं थे लेकिन बाद में मान गए। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद वे शव लिए बिना ही वापस हिसार लौट आए।

आरओबी के नीचे धरने पर बैठे सूर्य नगर के लोग

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए सूर्य नगर के लोग आरओबी के नीचे एकत्रित हुए। प्रदर्शन में महिलाओं ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग उठाई। लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह अवैध हथियारों की बिक्री में भी शामिल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांग केवल आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

डेढ़ बजे जिंदल चौक पहुंचे प्रदर्शनकारी

सूर्य नगर से लोग करीब डेढ़ बजे जिंदल चौक की ओर रवाना हुए। यहां ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने स्कूल बसों का हवाला देते हुए जाम न लगाने की अपील की। इसके बाद लोग सड़क किनारे बैठ गए। बाद में परिजन और पंचग्रामी पंचायत के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। करीब ढाई बजे प्रदर्शनकारियों ने जिंदल चौक पर जाम लगा दिया और आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी की।

एएसपी को लौटाया, एसपी से बातचीत पर अड़े लोग

रोड जाम की सूचना पर एएसपी सुनील मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन प्रदर्शनकारियों ने एसपी से बातचीत की मांग रखी। इसके बाद एसपी कार्यालय की ओर से बातचीत का निमंत्रण भेजा गया। करीब 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुंचा। इसमें कुंडू खाप प्रधान रामफल कुंडू, फरीदपुर के पूर्व सरपंच रवि, सरपंच वीरेंद्र, जीवन के पिता बिजेंद्र, पत्नी रमन, दिलबाग, चरण सिंह, रामनिवास नंबरदार, खैरी सरपंच संदीप सहित अन्य शामिल रहे।

सवा घंटे बाद लौटा प्रतिनिधिमंडल

एसपी से बातचीत के बाद प्रतिनिधिमंडल करीब सवा चार बजे जिंदल चौक पहुंचा। सदस्यों ने बताया कि एसपी ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके अलावा पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता और एक सरकारी नौकरी के लिए उपायुक्त व मुख्यमंत्री को पत्र भेजने की बात कही गई है। आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी जाम खत्म करने को तैयार हुए। कुछ लोगों ने लिखित आश्वासन की मांग की लेकिन बाद में सभी सहमत हो गए और करीब साढ़े चार बजे जाम खोल दिया गया। जीवन की पत्नी रमन ने कहा कि सरकार नौकरी न दे लेकिन आरोपियों का एनकाउंटर जरूर किया जाए।

पप्पू पंडित बोला-आरोपी के भाई ने व्हाटसएप कॉल कर दी थी धमकी



उधर, आरोपियों की धमकियों से परेशान अन्य लोग भी सामने आने लगे हैं। रोड जाम के दौरान सूर्य नगर निवासी पप्पू पंडित वहां पहुंचे और बताया कि एक सप्ताह पहले रमेश के भाई कपिल ने उन्हें ऑफिस में बुलाया था। कपिल ने कहा था कि मैं चारों को मारूंगा जिसमें एक मतलोडा का संदीप पूनिया, एक मेरा, जीवन और एक अन्य संदीप का नाम शामिल है। मेरा कपिल के साथ कोई लेना-देन नहीं था। मैं अपने घर के सामने बैठकर हुक्का पीता हूं। इस बात को लेकर झगड़ा हुआ था। पप्पू पंडित बोला कि मंगलवार दोपहर करीब ढ़ाई बजे उसे व्हाट्सएप कॉल पर धमकी दी गई थी। पहले मैंने ही दोनों पक्षों का समझौता करवाया था।


हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश की पत्नी प्रोमिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

- सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक, हिसार।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed