हिसार। सेक्टर 27-28 में ऑक्सीजन प्लांट के नजदीक शुक्रवार शाम ट्रक ने साढ़े चार वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को उसका पिता शहर के नागरिक अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस शनिवार को बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाएगी। मामले में मृतक बच्ची की माता वंदना ने बताया कि वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और फिलहाल सेक्टर 27-28 में रहते हैं, उसके पति हिसार में एक फैक्टरी में काम करते हैं। उसकी दो बेटियां हैं। शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे उसकी साढ़े चार वर्षीय बेटी के साथ वह नजदीक के अस्पताल में दवा लेने जा रही थी। सड़क पर चलने के दौरान अंजलि उससे हाथ छुड़ाकर भागने लगी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक का पहिया बच्ची के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके का फरार हो गया। बाद में बच्ची को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद