काम न करने वाले दरोगाओं, एसआई व सीएसआई के खिलाफ लेना होगा एक्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सफाई मामले को लेकर मेयर शकुंतला राजलीवाला बुधवार को खूब तेवर में नजर आईं। उन्होंने पार्षदों की सुबह साढ़े 11 बजे आपात बैठक बुलाई। बैठक में सफाई व होर्डिंग्स को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पिछले दो महीने से मैं देख रही हूं शहर में साफ सफाई पर ध्यान नहीं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में हिसार शहर का नाम सूची में आना चाहिए। मुझे काम करने वाले लोग चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा जो काम करेगा वो यहां रहे वरना अपनी सीट छोड़कर कहीं दूसरी जगह चले जाओ। मेरे शहर की जनता मुझसे काम मांगती है।
प्रत्येक दरोगा लेंगे हर वार्ड के पार्षद से संतुष्टि प्रमाण पत्र
बैठक में मेयर ने पार्षदों से कहा वार्ड में गंदगी की फोटो खींचकर जगह का नाम सहित निगम की स्वास्थ्य शाखा में शिकायत करो। एक सप्ताह में भी अगर वहां सफाई नहीं होती तो उस दरोगा के खिलाफ अधिकारी एक्शन लेंगे। अगर अधिकारी एक्शन नहीं लेंगे तो उनके खिलाफ हम खुद शिकायत लिखकर डीसी साहब व सरकार को सीधे भेजेंगे। मेयर ने कहा कि हर वार्ड के दरोगा पार्षदों से संतुष्टि प्रमाण पत्र लेंगे।
मेयर बोली कर्मचारी का नहीं अधिकारी का काटो वेतन
नगर निगम सचिव राजेश महता ने बैठक में जनप्रतिनिधियों के फैसले पर मुहर लगाई। उन्होंने कहा कि जिस गली में सफाई नहीं होगी उस कर्मचारी का वेतन रोक लिया जाएगा। इस पर मेयर फिर तेवर में आ गई और कहा कि वेतन कर्मचारियों का नहीं जिम्मेवार अधिकारियों का रुकना चाहिए। सचिव ने इसके बाद नए सीएसआई सुधीर को निर्देश दे दिए। निर्देश के बाद सीएसआई ने कहा कि साहब मेरी तो बदली हो गई है शायद एक दो दिन में मैं चला जाऊं। मेयर ने कहा कि यह अब आपकी जिम्मेवारी है जब आप यहां से जाएं तो नए सीएसआई को ये निर्देश बताकर जाएं चाहे लिखकर जाएं। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आप कहीं चले जाना आपका पीछा हम नहीं छोड़ेंगे। जांच बैठ जाएगी आप जवाब देते रहिए।
सीएसआई बोले
सीएसआई ने कर्मचारियों की संख्या कम होने का रोना रोया। उन्होंने बैठक में कहा कि मैडम यहां 1 हजार कर्मचारियों की जरूरत है। लगे हैं केवल 700, इनमें से 100 एवरेज छुट्टी पर रहते हैं यानी 60 प्रतिशत कर्मचारी उपलब्ध हैं।
ट्रैक्टर व कचरा उठाने वाले वाहन 20 ड्राइवर केवल 8
मेयर को सफाई ब्रांच के इंचार्ज ने कहा कि वाहन 20 से ज्यादा है मगर इन वाहनों को चलाए कौन। शहर से कचरा कैसे उठे। निगम के पास कचरा उठाने वाली गाड़ियों पर चालक तो केवल 8 हैं। अब आठ लोग पूरे शहर का कचरा ढोते हैं। ऐसे में दिक्कतें तो आएंगी ही।
इस पर भी हुई चर्चा
बैठक में स्वच्छता को लेकर भी पार्षदों में कंपीटीशन करवाने की बात भी हुई। मेयर ने कहा कि जिस पार्षद का वार्ड सबसे सुंदर होगा। साफ सफाई अच्छी होगी उस वार्ड में 10 लाख रुपये से अतिरिक्त विकास करवाने के लिए अधिकारियों से बात करेंगे।
होर्डिंग्स लगाने वाली एजेंसी व लगवाने वालों पर होगी एफआईआर
अधिकारियों को मेयर ने निर्देश दिए कि होर्डिंग्स लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। जो लोग शहर में अवैध तरीके से होर्डिंग्स लगा रहे हैं उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाओ। होर्डिंग्स लगाने वाली एजेंसी पर भी एफआईआर होनी चाहिए।
ये रहे मौजूद
बैठक में मेयर शकुंतला राजलीवाला, सीनियर डिप्टी मेयर दयानंद सैनी, पार्षद रेखा सैनी, मानसिंह चौहान, उदयवीर मिंटू, टीनू जैन, मास्टर प्रहलाद, पार्षद प्रतिनिधि पंकज दीवान व मुकेश बंसल, राजपाल मांडू, अजीत, नरेंद्र शर्मा, प्रीतम सैनी, सचिव राजेश महता, सीएसआई सुधीर कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।