{"_id":"629a711302f2db4c0b045a81","slug":"maximum-temperature-reaches-above-46-degree-celsius-in-haryana","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana Weather: भीषण गर्मी व लू ने किया परेशान, पारा पहुंचा 46.8, आने वाले दिनों में और बढ़ेगा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana Weather: भीषण गर्मी व लू ने किया परेशान, पारा पहुंचा 46.8, आने वाले दिनों में और बढ़ेगा
Sat, 04 Jun 2022 02:07 AM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, हिसार (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, हिसार (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Sat, 04 Jun 2022 02:07 AM IST
सार
कमजोर श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है लेकिन नमी की कमी से बारिश नहीं हो रही है। इससे आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
हरियाणा में नौतपा खत्म होने के साथ ही एक बार फिर से भीषण गर्मी व लू ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। पश्चिमी शुष्क मरूस्थलीय हवाओं से तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने लगी है। शुक्रवार को नूंह में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। यही नहीं आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार हालांकि एक कमजोर श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। मगर उसे प्रचुर मात्रा में नमी नहीं मिल रही है, जिस कारण से बारिश की गतिविधियां नहीं हो रही है। सिर्फ आंशिक बादलवाही देखने को मिल रही है।
विज्ञापन
हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में पश्चिमी शुष्क मरुस्थलीय पवनों के चलने से एक बार फिर से भीषण गर्मी और लू का आगाज हो गया। इसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में तापमान में बढ़ोतरी और नमी नदारद होने लगी है। वर्तमान समय में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से विपरीत हवाओं के मिलन के कारण राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम गतिशील व परिवर्तनशील बना हुआ है, जिसकी वजह से कभी चिलचिलाती धूप तो कभी बादलवाही व तेज गति से हवाएं चलने की गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है।
विज्ञापन
इस कमजोर पश्चिमी विक्षोभ से एक कमजोर चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है, जिसे प्रचुर मात्रा में नमी नहीं मिलने की वजह से बारिश की गतिविधियां भी नदारद है। इस मौसम प्रणाली का प्रभाव केवल उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर हो रहा है। शुक्रवार को हरियाणा व एनसीआर में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 42.0 से 46.8 और न्यूनतम तापमान 21.8 से 30.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज होगी। भारतीय मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया हुआ है।
विज्ञापन
प्रदेश में अधिकतम तापमान की स्थिति
- नूंह एडब्ल्यूएस 46.8
- जगदीशपुर सोनीपत 46.3
- सिरसा एडब्ल्यूएस 45.9
- महेंद्रगढ़ एडब्ल्यूएस 45.7
- बालसमंद हिसार 45.6
- अंबाला एडब्ल्यूएस 44.9
- पांडू पिंडारा जींद 44.7